Bihar Police News: भवनों की विशेषता बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि दोनों भवन अपने आप में बेहद खास और सभी जरूरी सुविधाओं से पूरी तरह से संपन्न होंगे। भवन को आग से सुरक्षा और अन्य आपदाओं से बचाव के लिए विशेष मानकों के तहत तैयार किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से यह भवन पूरी तरह हाई सिक्योरिटी जोन होगा।
नए साल पर नीतीश सरकार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य में दो अत्याधुनिक पुलिस भवनों के निर्माण की घोषणा की गई है। इनमें एक डायल-112 (इमर्जेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम) और दूसरा साइबर अपराध अनुसंधान इकाई का भवन होगा। दोनों भवनों को अत्याधुनिक तकनीक और हाई सिक्योरिटी सिस्टम से लैस किया जाएगा। डायल-112 के लिए पटना के राजीव नगर इलाके में 27 कट्ठा जमीन चिन्हित की गई है, जबकि साइबर भवन के लिए मैंग्लस रोड क्षेत्र में 15 से 20 कट्ठा जमीन देखी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसी वर्ष दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
100 करोड़ की लागत से बनेगा सात मंजिला डायल-112 भवन
डायल-112 का सात मंजिला भवन करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। यह भवन पूरे राज्य का कंट्रोल यूनिट होगा। इसमें डायल-112 का कॉल सेंटर, संचालन प्रणाली और राज्य का डाटा सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा ऊपरी मंजिलों पर राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) का मुख्यालय भी होगा। यहां पुलिस से जुड़े सभी महत्वपूर्ण डाटा, जांच रिपोर्ट और दस्तावेज सुरक्षित रूप से संग्रहित किए जाएंगे।
फॉरेंसिक लैब और कॉल सेंटर से लैस होगा साइबर भवन
राज्य में बढ़ते साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक अलग साइबर अनुसंधान इकाई का गठन किया गया है। इसके लिए पांच मंजिला विशेष साइबर भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन के डिजाइन और मूलभूत ढांचे को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस भवन में साइबर हेल्पलाइन 1930 का कॉल सेंटर और कंट्रोल यूनिट होगा। यहां साइबर अपराध से जुड़े सभी वरीय अधिकारी, जांच अधिकारी और आईओ के बैठने की व्यवस्था रहेगी। भवन में अत्याधुनिक फॉरेंसिक लैब स्थापित की जाएगी, जिससे साइबर मामलों के अनुसंधान में तेजी आएगी। निचले तल पर राज्य स्तरीय साइबर थाना भी बनाया जाएगा, जहां साइबर फ्रॉड से जुड़ी सभी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।
विज्ञापन
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
बिहार पुलिस के एडीजी (आधुनिकीकरण व ट्रैफिक) सुधांशु कुमार ने बताया कि दोनों भवनों की कार्य-योजना तैयार कर ली गई है। शिलान्यास के साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय की आधुनिकीकरण इकाई स्तर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि दोनों भवन अपने आप में अनूठे होंगे और पुलिसिंग को नई तकनीकी मजबूती देंगे।