रोहतास जिले के सासाराम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नर्तकी आरती कुमारी की हत्या उसके पति आदित्य कुमार सिंह ने ही अपने सहयोगी के साथ मिलकर की थी। यह घटना 30 सितंबर को हुई थी। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा कर दिया है। साथ ही मामले में आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरती कुमारी और आदित्य की मुलाकात तीन साल पहले एक नृत्य कार्यक्रम के दौरान हुई थी। उसके बाद दोनों ने शादी कर ली थी और उनका एक बच्चा भी हुआ। लेकिन पिछले एक साल से आदित्य ने आरती से दूरी बना ली थी और उसका दैनिक खर्च देने से भी मना कर दिया था। इससे परेशान होकर आरती एक बार फिर अपने पुराने नृत्य के पेशा में लौट गई, जो आदित्य को बर्दाश्त नहीं हुआ।
इसे लेकर आदित्य ने अपने एक साथी मंजय कुमार के साथ मिलकर आरती को बहला-फुसला कर सुनसान जगह पर ले जाने की योजना बनाई। वहां पहुंचकर आदित्य ने आरती को गोली मारी और उसे सड़क किनारे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
रोहतास पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और मंजय कुमार को उत्तर प्रदेश के विंध्याचल के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आदित्य कुमार सिंह ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आदित्य को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिससे मामले की जांच को गति मिली। रोहतास एसपी रोशन कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए बहुत कम समय में इस मामले का खुलासा किया गया है।
वहीं, इस घटना के बाद आरती के परिजनों ने सासाराम पोस्ट ऑफिस चौराहे पर सड़क जाम कर दी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। रोहतास पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।