घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में सोमवार को अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अमन शुक्ला के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि अमन शुक्ला अपनी पत्नी और आठ साल के बच्चे के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पत्नी और मासूम बच्चे के सामने ही अपराधियों ने अमन को गोलियों से भून डाला और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के सिर, छाती और पेट में कई गोलियां मारी गईं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार, पत्रकार नगर थाना प्रभारी सोनू कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
बैंक लूटकांड का आरोपी था
पत्रकार नगर थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि मृतक अमन शुक्ला वर्ष 2020 में बेउर में हुए एक बैंक लूट कांड में आरोपी रह चुका है। पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।