Patna Crime News: आरोप है कि छोटी सी बात को लेकर विवाद हुआ। यही विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया। हत्यारों ने ट्रक चालक को पीट-पीटकर मार डाला। परिजन हत्यारों को कड़ी सजा दिलााने की मांग कर रहे हैं।
पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुली रोड स्थित एक गोदाम के पास ट्रक चालक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान रमेश राय के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद आक्रोशित सैकड़ों ट्रक चालक मौके पर पहुंच गए और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। बताया जा रहा है कि रमेश राय छत्तीसगढ़ के रायपुर से बोरा लेकर महुली रोड स्थित गोदाम पहुंचा था। आरोप है कि शनिवार को बोरा भींग जाने की बात कहकर गोदाम मालिक ने ट्रक चालक से करीब छह लाख रुपये जुर्माने की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
विज्ञापन
मारपीट में मौत का आरोप
मोरवा विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक रणविजय साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोदाम मालिक और उसके लोगों पर रमेश राय के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। विधायक के मुताबिक, जुर्माने की रकम देने से इनकार करने के बाद गोदाम मालिक और उसके लोगों ने चालक के साथ मारपीट की, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ट्रक चालक महुली रोड स्थित गोदाम के पास पहुंच गए। चालकों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
विधायक ने प्रशासन पर लगाया कार्रवाई में देरी का आरोप
राजद विधायक रणविजय साहू ने प्रशासन पर मामले में कार्रवाई करने में देरी का आरोप लगाया। उन्होंने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। दीदारगंज थानेदार सुनील कुमार ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और शव को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारण का भी पता चलेगा। पुलिस यह भी जांच करेगी कि मारपीट की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका थी।