Bihar : गोली चलते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। जब घटनास्थल पर पहुंचे तो देखकर अवाक रह गए। युवक खून से सना हुआ था। उसकी हालत गंभीर थी। आननफानन में लोग उसे उठाकर अस्पताल की ओर भागे।
पटना के एक गांव में एक बदमाश ने गांव के ही एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नौबतपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव की है। मृतक की पहचान श्रीकांत सिंह के पुत्र भरत कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि जगदीशपुर गांव के रहने वाले अनिल सिंह के पुत्र शिवम उर्फ लवली ने किसी बात को लेकर गांव के ही भरत कुमार को गोली मार दी। गोली सीधे सीने में लगी, जिससे भरत गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग उधर दौड़ पड़े। जमीन पर खून से लथपथ भरत को देखकर ग्रामीण आननफानन में पटना एम्स ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शिवम उर्फ लवली का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई बार गांव में विवाद और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही नौबतपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के संबंध में उन्होंने बताया कि भरत की इलाज के दौरान मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि घटना के क्या कारण है, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के कारण यह घटना हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जाँच कर रही है।