नालंदा जिले में एक महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मामला इस्लामपुर थाना क्षेत्र के बेले माधोपुर गांव का है। मृतका की पहचान सोनू सिंह की (21) वर्षीया पत्नी शिवानी देवी के रूप में की गई है। मायके वाले दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
घटना के संबंध में शिवानी देवी के भाई ने बताया कि तीन दिन पूर्व बहन से बातचीत हुई थी। इसके बाद पिछले दो दिनों से बातचीत नहीं हो रही थी। बातचीत में सब कुछ साधारण लग रहा था। लेकिन पिछले दो दिनों से उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था। बीती रात बहन के ससुर ने बताया कि शिवानी दरवाजा नहीं खोल रही है। शुक्रवार की सुबह जब बहन के ससुराल पहुंचा तो घर में कोई सदस्य नहीं था। इसके उपरांत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और दरवाजा हल्का सा धक्का देने के उपरांत ही खुल गया।
यह भी पढ़ें: लालू परिवार हुआ हमलावर तो जदयू ने निकाली पुरानी तस्वीर, दावा- राष्ट्रगान में राजद सुप्रीमो बैठे हैं
शिवानी का शव पंखे से लटका हुआ था और शरीर का आधा हिस्सा बेड पर था, जिससे तेज दुर्गंध भी आ रही थी। इससे यह कयास लगाया जा रहा है कि दो दिन पूर्व ही महिला की मौत हो गई होगी। घर में सास-ससुर के अलावा तीन महीने की बच्ची रह रही थी। जो अब घटना के बाद से गायब है। जबकि पति गुजरात में रहकर मजदूरी का काम करता है। हादसे की सूचना पर वह गांव लौट रहा है।
यह भी पढ़ें: आशा के झांसा में आने के चलते डिलीवरी कराने गई महिला की मौत, नवजात बच्चे की भी स्थिति गंभीर
मायके वाले दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। परिवार वालों का कहना है कि सास-ससुर ने दहेज के खातिर उसकी हत्या कर दी और शव को फंदे से लटका दिया ताकि हत्या, आत्महत्या प्रतीत हो।
वहीं, इस मामले में इस्लामपुर थाना अध्यक्ष अनिल पांडे ने बताया कि लड़की के पिता के द्वारा दहेज हत्या का आरोप लगाकार आवेदन दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। महिला दो दिनों से अपने कमरे में बंद थी। परिवार वालों की सूचना पर पुलिस पहुंची तो देखा की शव फंदे से लटका हुआ था। घर के सभी सदस्य फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है।