Bihar : जदयू प्रवक्ता की मानें तो राजद और कांग्रेस दोनों दलों में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है। दोनों दलों के विधायक एनडीए के संपर्क में हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का PM और RSS की प्रशंसा में लिखे गये पोस्ट पर बवाल मच गया है।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के पोस्ट पर राजनीति गरमा गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर करते हुए जो लिखा है वह निश्चित रूप से यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या कांग्रेस पार्टी में सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है? इधर बिहार में जदयू के मुख्य प्रवक्ता ने भी कुछ दिन पहले अमर उजाला को कहा था कि कांग्रेस के साथ-साथ राजद में भी ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि कांग्रेस के जीते हुए विधायक जदयू में आना चाहते हैं। इसके बाद अब कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया है, इससे राजनीतिक गलियारों में हलचल जरुर मचा दी है।
विजय कुमार सिन्हा ने भी कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक "समर्पित कार्यकर्ता" हैं। पीएम मोदी का लक्ष्य 21वीं सदी के भारत और स्वामी विवेकानंद के सपनों को साकार करना है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का यह बयान दिग्विजय सिंह द्वारा पीएम और आरएसएस की तारीफ़ करने के जवाब में आया है।
दरअसल आज कांग्रेस वर्किंग कमिटी कि बैठक चल रही थी। इसी दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया, जिसके बाद से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दिग्विजय सिंह ने एक तस्वीर को पोस्ट करते हुए लिखा है कि "Quora site पर मुझे यह चित्र मिला। बहुत ही प्रभावशाली है। किस प्रकार RSS का ज़मीनी स्वयं सेवक व जनसंघ @BJP4India का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री व देश का प्रधानमंत्री बना। यह संघटन की शक्ति है। जय सिया राम।"