Patna Metro News: पटना मेट्रो के काम को लेकर राजधानी में कई जगहों पर रूट डायवर्ट किए गए हैं। कुछ जगहों पर तो एक लेन ही मेट्रो के निर्माण के लिए दे दिया गया है। पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा और आयकर गोलंबर से पटना जू की ओर जाने वाले वाहन चालक को अब नए रूट से जाना पड़ रहा है। कभी-कभी इन जगहों पर जाम की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है।
पटना में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। फ्रेजर रोड (जंक्शन गोलंबर) और बेली रोड (नेहरू पथ) के आसपास निर्माण कार्य को गति देने के साथ वाहनों की आवाजाही सही तरीके रखने के लिए नए डायवर्जन लागू किए गए हैं। पटना जंक्शन मेट्रो स्टेशन के निर्माण को लेकर जंक्शन गोलंबर से डाकबंगला चौराहा की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात व्यवस्था बदली गई है। निर्माण क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए मुख्य सड़क के एक हिस्से को वाहनों के लिए बंद कर वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है। इसके तहत वाहनों को बुद्ध स्मृति पार्क परिसर से होकर गुजारा जा रहा है।
विज्ञापन
नई व्यवस्था मंगलवार देर रात से लागू की गई। ट्रैफिक पुलिस और मेट्रो अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, डायवर्जन, संकेतक और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने कहा कि पटना मेट्रो के निर्माण के दौरान बेली रोड पर यातायात का प्रवाह प्रभावित नहीं होना चाहिए। इसके बाद आयकर गोलंबर, विकास भवन और चिड़ियाघर गेट नंबर-1 के आसपास नेहरू पथ पर वाहनों के परिचालन के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।
राजभवन से पटना जू तक भी एक लेन बंद
राजभवन मोड़ से पटना जू गेट नंबर-1 तक की एक लेन को बंद किया गया है। मेट्रो निर्माण के लिए जरूरी जगह छोड़कर बाकी हिस्से में वाहनों के लिए दो लेन की व्यवस्था की गई है। हाईकोर्ट से सगुना की ओर जाने वाले वाहन राजभवन मोड़ (बेली रोड) पहुंचने के बाद दूसरी दिशा से आने वाली लेन में डायवर्ट किए जाएंगे। करीब 150 मीटर आगे पटना जू गेट के पास वाहन फिर से मुख्य लेन में आ सकेंगे। वहीं, सगुना की ओर से आयकर गोलंबर जाने वाले वाहनों को पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास से वैकल्पिक मार्ग पर भेजकर दोबारा बेली रोड से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने क्या निर्देश दिया?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मेट्रो निर्माण के कारण आम लोगों की आवाजाही में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्ते और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने बताया कि पटना जंक्शन मेट्रो स्टेशन का निर्माण महत्वपूर्ण चरण में पहुंच चुका है। ऐसे में निर्माण क्षेत्र के आसपास यातायात को नियंत्रित रखने के लिए बदलाव जरूरी किए गए हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि जाम और असुविधा से बचने के लिए नए निर्धारित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए मेट्रो निर्माण कार्य में सहयोग करें।