Bihar : बेटे की शादी के लिए लड़की देखने आए थे। रेलवे क्रॉसिंग के पास गुजर रहे थे, तभी अचानक वंदे भारत ट्रेन आ गई। अचानक ट्रेन आने से अफरातफरी मच गई। जब ट्रेन वहां से गुजर गई तब चारों तरफ खून और मांस के लोथड़े बिखरे पड़े थे।
वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक प्रखंड के मरखाबाद गांव स्थित रेलवे हॉल्ट के पास की है। मृतकों की पहचान नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के टाडापर गांव निवासी जीतो मांझी, प्रीतलाल मांझी, और गोविंद मांझी के रूप में हुई है।
विज्ञापन
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि एक परिवार शादी के लिए लड़की देखने गोपकिता गांव जा रहा था। मरखाबाद रेलवे हॉल्ट के पास वे अपनी गाड़ी खड़ी करके पैदल ही रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान, दोनों ओर से ट्रेनें आ गईं. घबराहट में लोग भागने लगे, जिससे सभी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे परिवार के तीन सदस्यों की ट्रेन से कटने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।