सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें जन्मोत्सव को इस वर्ष भी प्रकाश उत्सव के रूप में भव्य और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रकाश उत्सव को लेकर पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब के आसपास के कंगन घाट, बाल लीला स्थल और मुख्य गुरुद्वारा परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। इस आयोजन में बिहार सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय ने पटना साहिब स्टेशन पर 19 जोड़ी ट्रेनों के ठहराव की पहले ही स्वीकृति दे दी है। पटना सिटी स्थित सिखों के पवित्र तख्त श्री हरमंदिर साहिब में 25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाश उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति, जिला प्रशासन और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और फूलों से सजाया जा रहा है, जिससे रात में इसकी भव्यता और अधिक निखरकर सामने आएगी। मुख्य गुरुद्वारे के साथ-साथ आसपास की सड़कों और गलियों की भी सजावट की जा रही है। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इधर, पर्यटन विभाग के मंत्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व पर पटना साहिब आने वाली सिख संगतों के स्वागत की जिम्मेदारी हमारे लिए सौभाग्य की बात है। बिहार सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु यहां की आतिथ्य परंपरा, सफाई और सेवा भावना को अनुभव करे। प्रकाश पर्व का आयोजन बिहार की सांस्कृतिक प्रतिष्ठा और धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा।
25 दिसंबर को अखंड पास से शुरुआत
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने बताया कि प्रकाश उत्सव के अवसर पर अखंड पाठ साहिब, शबद कीर्तन, कथा-कीर्तन और गुरमत विचारों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 दिसंबर को अखंड पाठ की शुरुआत होगी, जिसका समापन 27 दिसंबर को भोग के साथ होगा। इसके बाद भव्य नगर कीर्तन का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें पंच प्यारे, निशान साहिब और कीर्तन मंडलियां शामिल होंगी। नगर कीर्तन पटना सिटी के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा और श्रद्धालुओं को गुरु परंपरा और सिख इतिहास से जोड़ने का कार्य करेगा।
चौबीसों घंटे गुरु का लंगर चलाया जाएगा
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से बताया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे गुरु का लंगर चलाया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जा रही है। बड़ी संख्या में सेवादार सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। इसके अलावा ठहरने, चिकित्सा सहायता और पेयजल की भी विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनुशासन और श्रद्धा के साथ प्रकाश उत्सव में भाग लें तथा प्रशासन और सेवादारों का सहयोग करें। प्रकाश उत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश देने वाला अवसर भी है।
मंत्री ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
इधर, पर्यटन विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने आज श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 359 वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिवालय स्थित पर्यटन विभाग कार्यालय में एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पर्यटन सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, पर्यटन निदेशक श्री उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) के महाप्रबंधक श्री चंदन चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में प्रकाश पर्व के दौरान आने वाले देश-विदेश के सिख श्रद्धालुओं और संगतों की पर्यटकीय सुविधा, आवासन, सूचना केंद्र की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हों। पर्यटन सचिव द्वारा बताया गया कि विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी है। सभी उच्चस्तरीय सुविधाओं के साथ टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है, इसके साथ ही पर्यटक सूचना केंद्र का भी निर्माण कराया गया है।