फंदे से लटका मिला नवविवाहिता का शव
- फोटो : अमर उजाला
अररिया जिले के गोढ़ी चौक वार्ड नंबर-9 में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता सुधा देवी का शव उनके ससुराल में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। घटना से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जुट गई। सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका सुधा देवी की शादी इसी साल 21 अगस्त को गोढ़ी चौक निवासी नीतीश कुमार से हुई थी। शादी को अभी चार महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतका के भाई सुबोध कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के समय ससुराल वालों ने एक पैसा दहेज नहीं लिया था लेकिन शादी के महज कुछ दिनों बाद ही दहेज की मांग शुरू हो गई। पहले बुलेट मोटर साइकिल मांगी गई, नहीं मिली तो पल्सर बाइक दिलवाई गई। इसके बाद सीएनजी ऑटो की मांग की गई, वह भी मायके वालों ने पूरी कर दी। फिर दुकान खोलने के नाम पर भारी नकद राशि की डिमांड की गई।
ये भी पढ़ें: Bihar Crime: बेगूसराय में भूमि विवाद का मामला, डेरा पर सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या; दो गिरफ्तार
सुबोध ने आरोप लगाया कि जब नकद रुपये नहीं दिए गए तो ससुराल वाले लगातार सुधा के साथ मारपीट करने लगे। फंदे पर लटकाने से पहले भी उसे बुरी तरह पीटा गया था। पड़ोसियों ने ही फोन कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद वे अररिया पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मृतका के पति नीतीश कुमार को तत्काल हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। सास-ससुर सहित अन्य ससुराल वालों की तलाश जारी है। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का लग रहा है। मृतका के परिजनों की लिखित शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।