13 करोड़ की परियोजना फेल, ट्रायल में ही पिलर-ट्रॉली गिरी।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के रोहतास जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने का सपना उस समय चकनाचूर हो गया, जब ट्रायल के दौरान निर्माणाधीन रोपवे का पिलर और ट्रॉली अचानक धराशायी हो गए। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस रोपवे के गिरने से न सिर्फ पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं, बल्कि नए साल में यहां घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है।
दुर्गम रास्ते को सुगम बनाने की थी योजना
रोहतास प्रखंड मुख्यालय से ऐतिहासिक चौरासन मंदिर तक के दुर्गम रास्ते को सुगम बनाने के लिए इस रोपवे का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रायल के पश्चात नए वर्ष में इसे पर्यटकों के लिए खोलने की योजना थी। लेकिन शुक्रवार को अचानक रोपवे का पिलर भार सहन नहीं कर सका और ट्रॉली समेत नीचे गिर गया। गनीमत रही कि ट्रायल के दौरान ट्रॉली में कोई व्यक्ति सवार नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल
करीब 60 किलोमीटर के दुर्गम रास्ते को चंद मिनटों में तय कराने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का इस तरह विफल होना निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोग इसे भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग से जोड़कर देख रहे हैं और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पर्यटन पर लगा ग्रहण
उल्लेखनीय है कि ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला और चौरासन मंदिर के दर्शन के लिए हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंचते हैं। रोपवे के शुरू होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती। लेकिन इस हादसे के बाद रोपवे परियोजना एक बार फिर अधर में लटक गई है और पर्यटकों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें-Bihar Politics : बिहार चुनाव परिणाम के 42 दिन बाद कौन MLA किसके संपर्क में; विधायकों को लेकर किसका क्या दावा?
स्थानीय विधायक ने की निंदा
लोजपा के स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम ने घटना की निंदा करते हुए निर्माण कार्य में गंभीर चूक की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि विभाग और संवेदक की लापरवाही के कारण पिलर निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे यह हादसा हुआ। विधायक ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।