Bihar : अचानक लोग चीखने-चिल्लाने लगे। घाट पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद कुछ स्थानीय तैराक नदी में कूद पड़े, लेकिन उनकी कोशिश बहुत कारगर नहीं हो पाई।
पटना के दीघा घाट पर नवरात्र के लिए गंगाजल लेने गए दो युवक गंगा नदी में डूब गए। लापता युवकों की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र निवासी बंटी कुमार (32) और सुमित कुमार (28) के रूप में हुई है।
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि दोनों अपने एक दोस्त के साथ सोमवार से शुरू हो रहे नवरात्र के लिए गंगाजल लेने दीघा गंगा घाट गए थे। गंगा नदी में जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और गंगा की धारा भी तेज थी। गंगाजल भरते समय तीन दोस्त गंगा की तेज धार में बहने लगे। तीनों को डूबते देख घाट पर मौजूद कुछ तैराक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए। उनकी कोशिश रंग लायी, जिससे उनके एक दोस्त को बचा लिए गया, लेकिन बंटी और सुमित गंगा की तेज धार में बह गए।
यह खबर भी पढ़ें-Ashok Chaudhary : सीएम नीतीश कुमार मंत्रिमंडल से अशोक चौधरी का इस्तीफा किसी भी समय; क्यों बन रही परिस्थिति?
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी गई। कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद से दोनों युवकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। सुमित के पिता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सुमित एलएनटी भागलपुर में काम करता है और नवरात्र की छुट्टी पर घर आया था। बंटी भी एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। फिलहाल दोनों दोस्तों की तलाश अँधेरा होने तक कोशिश की गई, लेकिन कोशिश में सफलता हासिल नहीं हो सकी। कल सुबह से फिर तलाश शुरू की जाएगी।