Bihar : गृह विभाग संभालते ही उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस बात की घोषणा की थी कि माफिया और गुंडा अपराधियों की अब खैर नहीं है। अब तो असर भी दिखने लगा है। जमीन कब्जा करने वाले गिरोह के सरगना समेत 11 अपराधियों को पुलिस ने दबोचा है।
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा गृह विभाग की कमान संभालते ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश साफ दिखाई देने लगा है। जमीन माफियाओं और संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत पटना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा कराने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में की गई है। पटना पुलिस ने जमीन पर अवैध कब्जा दिलाने वाले गिरोह के सरगना रौशन कुमार समेत कुल 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया पर लोगों को जमीन पर कब्जा दिलाने का झांसा देता था और उसके एवज में मोटी रकम वसूलता था।
इस संबंध में पटना पूर्वी के एसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक और व्हाट्सऐप पर संपर्क बनाकर विवादित और सरकारी जमीनों पर कब्जा दिलाने की डील करते थे। पुलिस के पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अपराध की साड़ी कहानी को बयां किया। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वेलोग हथियार के बल पर लोगों को डराकर अवैध कब्जा कराने का नेटवर्क चला रहे थे।
प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व किया। प्रशिक्षु डीएसपी विनय रंजन ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी की गई, जहां से गिरोह के अधिकांश सदस्यों की गिरफ्तारी हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और 11.55 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद किया है।