Bihar : पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव से पहले फील्डिंग शुरू कर दी गई है। हालांकि चुनाव बंगाल में जरुर है, लेकिन जायजा बिहार और बंगाल से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों का लिया जाना शुरू हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह बिहार आ रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। वह भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, गृह मंत्री बुधवार शाम लगभग 4 बजे पूर्णिया हवाई अड्डा पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से किशनगंज जाएंगे। फिर किशनगंज समाहरणालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बुधवार की रात वह किशनगंज में ही विश्राम करेंगे।
जानिए क्या है कार्यक्रम
अमित शाह गुरुवार को अररिया पहुंचेंगे, जहां वह लेटी सीमा चौकी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वह समाहरणालय में भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे। शाम को वह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम की प्रगति की समीक्षा करेंगे और तत्पश्चात वापस पूर्णिया लौट आएंगे।