Bihar : हॉस्टल के पास काफी गहमागहमी थी। घटनास्थल पर मौजूद लोग तरह-तरह की बातें कह रहे थे। लड़की को आननफानन में अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को घटनास्थल से नींद की गोलियां भी हैं, लेकिन परिजन कुछ और कह रहे हैं।
राजधानी पटना के एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्रा की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या के प्रयास का मामला मान रही है। मामला चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र की है।
हॉस्टल के बंद कमरे में बेहोश मिली थी छात्रा
घटना के संबंध में पुलिस को हॉस्टल संचालिका ने बताया कि सुबह में नाश्ते के समय छात्रा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो वह छात्रा को बुलाने गईं, तो कमरा अंदर से बंद था। बाहर से उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने इसके बाद कई बार आवाज लगाई, दरवाजा खटखटाया, लेकिन इसके बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तब किसी अनहोनी की आशंका होने पर अन्य लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ दिया गया। दरवाजा टूटने पर लोगों ने देखा कि छात्रा अचेत अवस्था में पड़ी है। आनन-फानन में संचालिका ने परिजनों को सूचना दी और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे मेदांता शिफ्ट किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
डॉक्टरों ने परिजनों के आरोप से किया इनकार
घटना के संबंध में पटना सदर एएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट में छात्रा के साथ किसी भी तरह के गंदा काम होने की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टर ने भी जांच के बाद बताया कि प्राइवेट पार्ट पर किसी तरह की मारपीट या असॉल्ट के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि, मृतका के कूल्हे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।