पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव सहित अन्य लोग
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कांग्रेस और संविधान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में संविधान के साथ सबसे अधिक कोई खिलवाड़ किया है तो वह कांग्रेस पार्टी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, जो लोग संविधान को पॉकेट में लेकर घूमते हैं, ऐसे लोग संविधान को मानने का सिर्फ दिखावा करते हैं। जबकि इन लोगों ने संविधान में सैकड़ों बार बदलाव किया है। बता दें कि रामकृपाल यादव शनिवार को सासाराम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के लिए आए हुए थे।जहां उन्होंने बैठक के बाद पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कांग्रेस पर कई टिप्पणियां की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों को लगता है कि संविधान के निर्माण में सिर्फ कांग्रेसियों का ही योगदान है। जबकि देश के मनीषियों ने मिलकर इसे बनाया है। संविधान का उपयोग गरीबों को अधिकार देने के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने संविधान का दुरुपयोग कर गरीबों का अधिकार छीनने की कोशिश की है और दुर्भाग्यवश जिन लोगों ने सबसे अधिक संविधान के साथ छेड़छाड़ की, आज वही संविधान की दुहाई दे रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की रक्षा करने वाले लोगों में से हैं और संसद में प्रधानमंत्री कांग्रेसियों को उनके दुष्प्रचार का ठोस जवाब देंगे।