Bihar : उस समय वह ड्यूटी पर थी, तभी फोन पर किसी बात को लेकर पति से झगड़ा होने लगा। विवाद होने के बाद वह अपने आवास पर चली गई। लेकिन कुछ ही देर में हड़कंप मच गया। उसके कमरे में उसकी लाश मिली।
किशनगंज में एक महिला कॉन्स्टेबल का शव उसके कमरे से बरामद हुआ है। उसका शव दुपट्टे से फंदा बना हुआ था जो पंखे से झूल रहा था। घटना किशनगंज शहर के डुमरिया भट्ट इलाके की है। कॉन्स्टेबल की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है। प्रियंका 2018 बैच की कॉन्स्टेबल थी जो किशनगंज में रिजर्व होमगार्ड में पदस्थापित थी।घटना के संबंध में एसपी का कहना है कि प्रियंका का पदस्थापन तीन महीने पहले ही किशनगंज में हुआ था। आज सुबह वह ड्यूटी पर आई थी। ड्यूटी से लौटने के बाद यह घटना हुई है। घटना के पीछे क्या कारण इसकी जांच की जा रही है।
घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि महिला कॉन्स्टेबल प्रियंका कुमारी शादीशुदा थी। वह किराए के घर में अकेले ही रहती थी। उसका दोपहर में उसके पति से झगड़ा हुआ था। पति ने प्रियंका की सहेली को कॉल कर कहा था कि हमारा झगड़ा हुआ है। झगड़ा के दौरान प्रियंका कह रही थी कि मैं जाऊंगी तभी तुम लोगों को चैन मिलेगा। इसलिए जरा जाकर देखो कि गुस्से में वह कहीं कुछ कर ना ले। मैं कॉल कर रहा हूं तो वह कॉल भी रिसीव नहीं कर रही है। इसके बाद उसकी सहेली प्रियंका के घर पहुंची। वहां उसने पहले दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तब उसने इस बात की जानकारी उसने मकान मालिक को दी।
जानकारी मिलने पर मकान मालिक भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी प्रियंका को आवाज लगाई लेकिन इसके बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। तब मकान मालिक ने खिड़की से झांका तो अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गए । अंदर प्रियंका की लाश फंदे से झूल रही थी। तब उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फिर दरवाजा तोड़कर शव को घर से बाहर निकाला। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। एफएसएल की टीम जांच कर रही है।