Bihar : किसी व्यक्ति ने इस बात की सूचना दी कि कुछ अपराधी उनकी जमीन की घेराबंदी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह अपनी जमीन पर पहुंचे और घेराबंदी करने का विरोध करने लगे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
पटना में बेखौफ अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मार दी। आनन-फानन में लोगों ने उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के फतेहपुर की है।
घटना की जानकारी देते हुए पटना के सदर डीएसपी -2 रंजन कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति विनोद कुमार अपनी जमीन पर गए थे। इसी क्रम में अपराधियों द्वारा उन पर गोली चलाई गई। एक गोली उनके पेट में लगी है। फिलहाल उनका इलाज पटना के एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से बातचीत करके और सीसीटीवी के माध्यम से अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी देते हुए विनोद कुमार के मित्र संजय कुमार ने बताया कि विनोद कुमार मूल रूप से फतेहपुर के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि विनोद कुमार को यह सूचना मिली थी कि किसी व्यक्ति के द्वारा उनके जमीन की घेराबंदी कराई जा रही है। इस बात की सूचना मिलते ही वह गौरीचक थाना के जुझारपुरा गांव स्थित अपनी जमीन पर गए और घेराबंदी करने का विरोध करने लगे। इसी दौरान घेराबंदी कर रहे युवक का उनसे विवाद हो गया। इसी क्रम में वहां मौजूद अपराधियों ने इन पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार के पेट में एक गोली लगी। गोली लगते ही वह वहीं जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ कर पहुंचे। इस बीच अपराधी वहां से फरार हो गए। लोगों ने घायल अवस्था में विनोद कुमार को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार के पिता महेश सिंह आर्मी सेवानिवृत हो रहे हैं।