79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महादलित टोला पहुंचे और वहां झंडोत्तोलन में शामिल हुए। पुनपुन प्रखंड के कल्याणपुर पंचायत स्थित ग्राम डिहरी के महादलित टोला में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में स्थानीय वयोवृद्ध सुखू चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में झंडोत्तोलन किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को फूलों की माला पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्त लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामना दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन का मुख्य कार्यक्रम पटना के गाँधी मैदान में आयोजित किया गया, उसके बाद आप लोगों के बीच यहाँ डिहरी महादलित टोला में स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शामिल हुआ हूँ। यह बहुत खुशी की बात है कि आज यहाँ इस महादलित टोला के सबसे वृद्ध व्यक्ति सुखू चौधरी के द्वारा झंडोत्तोलन किया गया है। हमलोगों ने ही राज्य के सभी महादलित टोलों में 15 अगस्त 2011 से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर और वर्ष 2012 से गणतन्त्र दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम की शुरुआत कराई। इस झंडोत्तोलन कार्यक्रम में टोले के महादलित समुदाय के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति के द्वारा झण्डा फहराया जाता है। इस आयोजन में जिलों में प्रभारी मंत्री, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य वरीय पदाधिकारी विभिन्न महादलित टोलों में हिस्सा लेते हैं। आज के इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपके बीच आने का मौका मिला है, इसके लिये मुझे बेहद प्रसन्नता हो रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यहाँ डिहरी में विकास के अनेक काम कराये गए हैं और आपलोगों की जो भी मांगें या इच्छा थी उसे पूरा कराने के लिए हमलोगों ने पहले से ही तय कर दिया है। उन्होंने कहा कि आप सभी के इच्छानुरूप इस महादलित टोले में 29 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन तथा 55 लाख रुपए की लागत से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण कराया जाएगा। कल्याणपुर पंचायत के खपूरा में 35 लाख रुपए की लागत से प्राथमिक विद्यालय के भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस टोले में आवागमन की सुविधा को सुगम बनाने के लिए ग्राम डिहरी के हनुमान मंदिर से बिहटा सरमेरा पथ तक 1 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा। बिहटा सरमेरा पथ से वाजितपुर रेलवे स्टेशन के तक 2.1 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा ताकि स्थानीय लोग आसानी से रेलवे स्टेशन तक आवागमन कर सके।