बिहार के प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार दोपहर को अस्पताल के मेडिसिन इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक गंभीर मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल में हंगामा करने लगे। इसी हंगामे के बीच, स्थिति बिगड़ गई और परिजनों ने मौके पर मौजूद एक जूनियर डॉक्टर के साथ विवाद करते करते हाथापाई करने लगे। चश्मदीदों के अनुसार, मारपीट करने वालों में मृतक मरीज के परिजनों के साथ एक सेना का जवान भी शामिल था। परिजन और डॉक्टर के साथ मारपीट होने के बाद मामला काफी गंभीर हो गया और फिर जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने इमरजेंसी को भी ठप कर दिया, जिससे अन्य मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News : जदयू ने तेजस्वी यादव के खिलाफ खोला मोर्चा, पूछा- सत्र के दौरान सदन से क्यों हैं गायब?
डॉक्टरों पर गुंडागर्दी करने का है आरोप
घटना के संबंध में पीड़ित परिजन अमन सिंह ने बताया कि उनके पिता को ब्रेन हेमरेज होने की वजह से तीन दिन पहले पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह स्थिति गंभीर होने पर उनकी बहन ने डॉक्टर से ईसीजी रिपोर्ट दोबारा चेक करने को कहा। परिजनों का आरोप है कि उनकी बहन ने जब डॉक्टर से ईसीजी रिपोर्ट दोबारा चेक करने को कहा तो डॉक्टर ने उनकी बहन के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कुछ ऐसी बात कह दी, जो परिजन को नागवार गुजरी। जब परिजन ने डॉक्टर के अमर्यादित भाषा का विरोध किया तो पुरुष डॉक्टर ने अमन सिंह को धक्का दे दिया और उनके साथ मारपीट करने लगे। अमन सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका एप्पल मोबाइल छीन लिया गया। उन्हें बाद में पता चला कि उनकी जेब में रखे 1 लाख रुपए भी गिर गए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि अमन सिंह के साथ उनके दो मित्रों को भी जूनियर डॉक्टरों ने बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की है।
यह खबर भी पढ़ें-IAS Officer : बिहार में फिर 50 प्रशासनिक अधिकारी हुए प्रोन्नत, जानिये सूची में कौन-कौन नाम हैं शामिल
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित परिजन अमन सिंह और उनके साथियों को अपने साथ थाना ले गई, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल, पीरबहोर थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। अस्पताल प्रशासन और जूनियर डॉक्टरों की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन की सख्त प्रतिक्रिया से मामला गरमा सकता है।