फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar Bandh News : आज बिहार बंद है... पीएम मोदी के अपमान के विरोध में सड़क पर भाजपा, कई जगह गतिरोध-हंगामा

Thu, 04 Sep 2025 11:56 AM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, बिहार टीम

सार

Bihar Bandh News : भाजपा ने सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक के लिए गुरुवार 4 सितंबर को बिहार बंद का एलान कर रखा था। कई स्कूल बंद रहे। दुकानों ने खुद भी बंद कर लिया। कई जगह सड़क जाम के दौरान गतिरोध-हंगामा भी हुआ। देखें, पूरे बिहार का ताजा हाल।
विज्ञापन
सड़क पर उतरीं भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी ने आज बिहार बंद का आह्वान किया। राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द और अमर्यादित शब्द कहे जाने को लेकर आज पूरे बिहार में बंद का आह्वान किया गया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का एलान किया गया था। उतरे तो भाजपा के सभी स्तर के नेता, लेकिन महिलाओं का मामला होने के कारण इस बंद का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता के पास दिया गया था। पटना बंद में तो सांसद रविशंकर प्रसाद भी निकले और पीएम मोदी की मां के खिलाफ कही गई बात को लेकर राजद-कांग्रेस के संस्कार तक की चर्चा की।

विज्ञापन

बिहटा मनेर में सड़क जाम करते नेता और कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेताओं और पूर्व विधायक ने किया सड़क जाम
पटना जिले के मनेर और बिहटा में भाजपा नेताओं ने बिहार बंदी को लेकर सड़क जाम कर दिया । मनेर में भाजपा नेता व पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के नेतृत्व में बिहार बंदी की सफलता को लेकर सड़क जाम किया गया। इस दौरान सबसे पहले भाजपा नेताओं और पूर्व विधायक में मनेर नगर का भ्रमण करते हुए लोगों के दुकानों को बंद करने की अपील की। उसके बाद मार्च करते हुए मनेर के भगत सिंह स्मारक मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को जामकर महागठबंधन के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि मां को गाली देना देश कतई बर्दाश्त नही करेगा। इस दौरान काफी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और नेतागण मौजूद रहे।

कटिहार में सड़क पर उतरी महिला भाजपा कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
कटिहार में सड़कों पर उतरे नेता-कार्यकर्ता
कटिहार में एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग चौक-चौराहों पर प्रदर्शन करते हुए महागठबंधन की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आम जनजीवन भी आंशिक रूप से प्रभावित दिखा। सभी बाजार बंद रहे तो सड़कों पर आवागमन भी बाधित हुआ। पूर्व डिप्टी सीएम सह कटिहार विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जहां मातृ देवो भवः और पितृ देवो भवः की परंपरा रही है। ऐसे में किसी भी मां के सम्मान पर चोट पहुंचाने वाली भाषा को समाज किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता की राजनीति में इतने नीचे गिर जाना बेहद शर्मनाक है, प्रधानमंत्री की मां पर की गई टिप्पणी केवल एक महिला का नहीं बल्कि पूरे देश की भावनाओं का अपमान है। यही वजह है कि बिहार की जनता ने NDA के आह्वान पर स्वेच्छा से बंद का समर्थन किया और विरोध जताया। कटिहार में जगह-जगह NDA के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। कई जगह पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि किसी बड़े विवाद की सूचना नहीं है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम से बिहार की राजनीति और गरमाती दिख रही है। एक ओर NDA इसे जनभावनाओं से जोड़कर महागठबंधन को घेर रहा है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन के नेता अब सफाई देने में जुटे हैं। लेकिन सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा।

गया में बंद कराते भाजपा कार्यकर्ता - फोटो : अमर उजाला
गयाजी में भी बंद का दिखा असर 
बिहार दरभंगा में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के द्वारा देश के प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माताजी पर अपशब्द बयान दिए जाने पर एनडीए गठबंधन के द्वारा बिहार बंद का आह्वान किया है। इस दौरान एनडीए कार्यकर्ताओं ने गया जी शहर में आक्रोश मार्च निकाल कर दुकानों को बंद कराया। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। एनडीए के नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने देश के प्रधानमंत्री के स्वर्गीय माताजी को भरे मंच से अपशब्द और गाली दिया है, जो हमलोग कभी भी सहन नहीं करेंगे। इसीको लेकर गयाजी शहर में हमलोग जुलुस निकाल कर पूरा शहर बंद करवा रहे है। किसी की माँ हो कोई भी माँ के गाली को सहन नहीं करेगा।

बांका में सड़क जाम करते भाजपा समर्थक - फोटो : अमर उजाला
बांका में बस स्टैंड चौक सहित कई चौक चौराहों पर सड़क को किया जाम 
एनडीए के बंद के आह्वान पर बांका जिले में भी बिहार बंद का व्यापक असर देखने को मिला। जिले के विभिन्न स्थानों पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दुकानों को बंद कराया। अमरपुर प्रखंड में एनडीए कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर  बांस बल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अमरपुर बाजार की सभी दुकानें बंद रहीं और बस स्टैंड पर वाहनों का परिचालन भी रोक दिया गया। बंद के दौरान एनडीए घटक दलों के प्रखंड अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा के मनीष झा, प्रदेश महासचिव प्रशांत मंडल, प्रखंड अध्यक्ष विमल सिंह,  भाजपा नेता गौतम मोदी, लोजपा के प्रखंड अध्यक्ष विनीत कुमार, सुबू भगत, छोटू  भगत, नीरज शर्मा, रोहित साह नगर अध्यक्ष सौमित्र चटर्जी, आशुतोष कुमार सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता थे।

मुंगेर की सडकों पर उतरी महिला भाजपा नेत्री - फोटो : अमर उजाला
मुंगेर में सुबह सात बजे से ही बंद का आह्वान हुआ शुरू 
मुंगेर में भाजपा महिला मोर्चा ने अगुवाई करते हुए सुबह सात बजे शहर के शिवाजी चौक पर पहुंचकर शहर के विभिन्न दुकानों को बंद करवाया। वही इस मौके पर भाजपा विधायक प्रणव कुमार यादव भी अपने कार्यकर्ताओं के समर्थन में दुकानें बंद करवाई ओर लोगों को बंद का  समर्थन करने का अपील की। एनडीए नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की गरिमा का सवाल है। यह केवल नरेंद्र  मोदी का नहीं बल्कि देश की हर मां का अपमान है। ऐसे आपत्तिजनक बयानों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।  भाजपा विधायक ने कहा कि दरभंगा में महागठबंधन की एक रैली के दौरान राजद और कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां पर कथित अभद्र टिप्पणी की गई। इसको लेकर भाजपा और उनके सहयोगी दलों में आक्रोश है। इसे लेकर आज बिहार बंद का आह्वान किया गया है।

मुजफ्फरपुर में सूनी पड़ी सड़कें - फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरपुर में सूनी पड़ी सड़कें
मुजफ्फरपुर में बिहार बंद के दौरान सभी दुकानें बंद नजर आई। यातायात भी प्रभावित दिखा। अच्छी बात यह है कि बंद के दौरान आवश्यक सेवा एंबुलेंस और स्कूल बसों को रोका नहीं जा रहा है। भाजपा नेता देवांशू किशोर के नेतृत्व में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के भाजपा नेताओं ने शहर के माड़ीपुर स्थित पावर हाउस चौक के समीप में जाम कर दिया। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव से पीएम मोदी पर किए गए आपत्तिजनक टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा नेता और महिला ब्रिगेड गीता देवी के नेतृत्व में शहर के सरैयागंज टॉवर के समीप जाम कर दिया गया। भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। महिला कार्यकर्ताओं ने बताया कि आज एक-एक महिला अपने घर से निकल कर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

वैशाली में हाजीपुर महनार की मुख्य सड़क को जाम करते एनडीए समर्थक - फोटो : अमर उजाला
वैशाली में हाजीपुर-राघोपुर की सड़कें जाम, आवश्यक सेवाएं जारी
वैशाली जिले के हाजीपुर में एनडीए कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बिदुपुर बाजार के गांधी चौक पर कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं। बंद का नेतृत्व बीजेपी महिला मोर्चा कर रही है। प्रदर्शन के दौरान दुकानें बंद हैं और यातायात प्रभावित हो रहा है। हालांकि एंबुलेंस और स्कूल बसों जैसी आवश्यक सेवाओं को रोका नहीं जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा है। राघोपुर में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। बंद के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। एनडीए ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।

लखीसराय में सड़क पर बैठकर प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
लखीसराय में एनएच जाम रहने से यातायात बाधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का असर लखीसराय जिले में भी दिखा। जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही सड़क पर उतरकर बाजार बंद कराने की कोशिश की। उन्होंने मालवाहक वाहनों को रोका, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर यातायात कुछ घंटों तक बाधित रहा। हालांकि, छोटे वाहन आंशिक रूप से चलते रहे। 
बाजारों में दुकानदारों ने शुरुआत में तो अपनी दुकानें बंद कर दीं, लेकिन कुछ देर बाद कई दुकानें फिर से खुल गईं। जिला मुख्यालय स्थित शहीद द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अपशब्द कहना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश की जनता इसका करारा जवाब देगी। भाजपा महिला जिला अध्यक्ष आसा पासवान ने कहा कि महिलाएं इस तरह की टिप्पणियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगी। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। 
इस विरोध प्रदर्शन में जदयू जिला अध्यक्ष रामानंद मंडल, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विकास आनंद सहित बड़ी संख्या में भाजपा और जदयू कार्यकर्ता शामिल हुए। बंद के दौरान कहीं भी हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई, लेकिन आम जनजीवन आंशिक रूप से प्रभावित रहा।

जमुई में बिहार बंद के लिए सड़क पर बैठकर धरना। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
जमुई में बाजार बंद करा एनडीए ने किया प्रदर्शन
शुक्रवार को एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) कार्यकर्ताओं ने बिहार बंद के तहत बाजार बंद कराकर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की। शहर के व्यस्ततम कचहरी चौक और महिसौड़ी चौक पर बैठकर उन्होंने "नरेंद्र मोदी की मां का अपमान हम नहीं सहेंगे" जैसे नारे लगाए। इस दौरान, महिसौड़ी चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं और जन सुराज के एक नेता के बीच वाहन पार करने को लेकर तीखी बहस हो गई। इससे नाराज होकर जन सुराज के नेता अपनी गाड़ी वहीं छोड़कर चले गए।

इधर, एनडीए कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के सम्मान का प्रतीक हैं और उनकी मां के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना न केवल असंवेदनशील है, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने इसे राजनीति की गिरती हुई संस्कृति बताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से बिहार की जनता से माफी मांगने के लिए भी कहा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विरोधी दल हताशा में आकर इस तरह की अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है। बाजार बंद के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए जुलूस निकाला और पोस्टर-बैनर लेकर अपना आक्रोश जताया। प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां का अपमान दरअसल हर भारतीय मां का अपमान है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और जब तक जिम्मेदार व्यक्ति सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगता, तब तक विरोध जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में सदर विधायक श्रेयसी सिंह, जदयू जिला अध्यक्ष शैलेंद्र महतो, लोजपा (रामविलास) के जिला अध्यक्ष जीवन सिंह, सोनू रावत, सतीश चंद्रा समेत दर्जनों एनडीए कार्यकर्ता मौजूद थे।

मधुबनी में बंद के दौरान महिलाओं ने खुद को पीएम मोदी का परिवार बताया। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मधुबनी की मुख्य सड़कों पर कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं। इस बंद का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा कर रही है। विरोध प्रदर्शन के कारण दुकानें बंद हैं और यातायात भी प्रभावित हो रहा है। हालाँकि, एंबुलेंस और स्कूल बसों जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जा रहा है, प्रदर्शनकारियों ने इन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा है।

एनडीए के सभी घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता इस बंद में शामिल हैं। बंद के कारण लोगों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। एनडीए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। वे "राहुल-तेजस्वी होश में आओ!", "राहुल गांधी हाय हाय!", "राहुल गांधी मुर्दाबाद!" और "नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान!" जैसे नारे लगा रहे हैं।

मधुबनी के सांसद अशोक यादव ने कहा कि देश प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत माता के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "नारी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान।" उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने सभी दुकानदारों से 12 बजे तक अपनी दुकानें बंद रखने का अनुरोध किया है। यह बंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को गाली दिए जाने के विरोध में एनडीए द्वारा किया गया है। बंद के दौरान महिलाओं में काफी आक्रोश देखने को मिला। अंधराठाढ़ी, हरलाखी और झंझारपुर में भी बंद का असर दिखाई दे रहा है।

मधेपुरा में भाजपा के बंद में जदयू नेताओं की भागीदारी देखने लायक रही। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मधेपुरा में सुबह से असर, जदयू ने भी बंद में दिखाई ताकत
मधेपुरा में सुबह से ही बंद का असर देखने को मिला। एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता अपने पार्टी के झंडे-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और दुकानों तथा बाजारों को बंद कराने लगे। सुबह आठ बजे कार्यकर्ता कॉलेज चौक पर एकत्रित हुए और वहाँ से जुलूस की शक्ल में निकलकर पूरे बाजार को बंद कराते हुए कर्पूरी चौक पहुँचे। बंद को सफल बनाने में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जदयू नेता निखिल मंडल, गुड्डी देवी, स्वेत कमल उर्फ बौआ यादव, आभाष आनंद, सुधीर भगत समेत बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता शामिल रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां का अपमान दरअसल पूरे देश की मां का अपमान है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के मंच से हुई अभद्र टिप्पणी ने यह साबित कर दिया है कि ये नेता आम लोगों की मां-बहन का सम्मान कैसे करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदुस्तान मां का अपमान नहीं सहेगा। वहीं, जदयू नेता निखिल मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी दल विशेष के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं। उनकी मां पर की गई अमर्यादित टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की मां का अपमान पूरे भारत की मातृशक्ति का अपमान है।

किशनगंज में बंद का शहरी क्षेत्र मं असर रहा। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
किशनगंज के ग्रामीण क्षेत्रों में असर कम, कई जगह पुतला दहन भी
किशनगंज में एनडीए द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का असर शहरी क्षेत्रों में देखने को मिला, जहाँ अधिकांश दुकानें बंद रहीं। हालाँकि, ग्रामीण क्षेत्रों, जैसे नगर पंचायत पौआखाली में, इसका असर कम दिखा और दुकानें खुली रहीं। वहीं, ठाकुरगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों से दुकानें बंद रखने की अपील की। इसके साथ ही, कई जगहों पर भाजपा नेताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन भी किया। उल्लेखनीय है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस विरोध में बुधवार की रात को मशाल जुलूस निकाला था और तेजस्वी यादव तथा राहुल गांधी का पुतला भी दहन किया था।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष और अधिवक्ता शिशिर कुमार दास ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव से इस अपमान के लिए माफी माँगने की बात कही। उन्होंने कहा कि "माँ का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा।" इस दौरान, विरोध प्रदर्शन में स्वीटी सिंह, दुर्गा स्वर्णकार, पंकज कुमार साहा, अरविंद मंडल, सुबोध माहेश्वरी, संजय उपाध्याय, सोनी देवी, हरिराम अग्रवाल, राजेश गुप्ता और गगनदीप सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ को अपशब्द कहे जाने के विरोध में एनडीए ने आज सुबह 7 बजे से 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया था। उन्होंने यह भी कहा कि यह बंद शांतिपूर्ण रहेगा। बंद के दौरान, लोगों से अनुरोध किया गया कि वे अपनी दुकानें बंद रखें और घरों में ही रहें, ताकि राजद और कांग्रेस को यह एहसास हो कि यह न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ का, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है।

दरभंगा में महिला नेताओं ने जमकर किया प्रदर्शन। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
दरभंगा में महिला मोर्चा ने किया सड़क जाम
दरभंगा में भाजपा महिला मोर्चा और एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) द्वारा बुलाए गए बिहार बंद के तहत विरोध प्रदर्शन किया गया। लहेरियासराय टावर पर सांसद गोपाल जी ठाकुर, बिहार सरकार में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, और केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने थाली-बर्तन पीटकर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ नारे लगाए।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि जब तक महागठबंधन के नेता सार्वजनिक रूप से माफी नहीं माँगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय की मानसिकता पाकिस्तान से जुड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के प्रधानमंत्री को भी अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने गाली दी है। उन्होंने कहा, "देश में रहकर भी पाकिस्तान से उनकी मोहब्बत सामने आ जाती है।" विधायक झा ने आगे कहा कि "हमारे प्रधानमंत्री को मिथिला की धरती से गाली दी गई है, हम इसका विरोध करते हैं।" बिहार के समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि यह बंद बिहार की जनता ने स्वतः किया है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री ने जिस मिथिला की धरती को माँ जानकी का मंदिर दिया है, उसी धरती से उनकी स्वर्गीय माता जी को गाली दी गई है।" 

भाजपा महिला मोर्चा ने भी दिल्ली मोड़ बस स्टैंड पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सपना भारती के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेता कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद द्वारा राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान दिए गए भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे जाने का विरोध कर रहे हैं।

भाजपा महिला जिलाध्यक्ष सपना भारती ने कहा कि जब तक राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सार्वजनिक मंच से माफी नहीं माँगते, तब तक भाजपा लगातार विरोध प्रदर्शन करती रहेगी। वहीं, जदयू नेत्री डॉ. इशमत जहाँ ने कहा कि माता सीता की धरती दरभंगा से कांग्रेस नेता द्वारा प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की महिलाओं का सम्मान किया है, जबकि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा लगातार महिलाओं का अपमान किया जाता है।

मुजफ्फरपुर में भाजपा के दिग्गज नेता भी पहुंचे प्रदर्शन करने। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुजफ्फरपुर में पूर्व मंत्रियों के साथ उतरा हुजूम
भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता सुबह 8 बजे से ही सड़क पर उतर आए। उन्होंने सरैयागंज टावर चौक पर जाम लगाकर यातायात को पूरी तरह से ठप कर दिया। इस बंद के समर्थन में पूर्व मंत्री रामसूरत राय और सुरेश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सड़क पर उतरकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। पूर्व मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति इतनी नीचे गिर चुकी है कि मंच से प्रधानमंत्री की मां को गाली तक दी जा रही है। उन्होंने कहा, "राजद और कांग्रेस हताशा की स्थिति में हैं। बिहार में उनकी जमीन खिसक चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की तरक्की हो रही है, इसी कारण विपक्ष अमर्यादित भाषा और गाली-गलौज का सहारा ले रहा है, जिसे हम कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

महिला मोर्चा की अध्यक्ष राशि खत्री और पूर्व एमएलसी गीता देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी ने पूरे देश को आहत किया है। भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने टावर चौक पर नारेबाजी की और महागठबंधन के नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में यातायात घंटों बाधित रहा और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान भाजपा नेता साकेत ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री की मां पर की गई टिप्पणी को लेकर लोगों में आक्रोश है। इसी वजह से आज महिलाएं और आम आदमी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी के लिए माफी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "जब तक माफी नहीं मांगी जाती, तब तक हम इस विरोध को जारी रखेंगे।"
विज्ञापन

बंद के दौरान भारी संख्या में महिलाओं ने पीएम मोदी की मां के साथ वाली तस्वीरें भी दिखाईं। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल
वैशाली जिले में एनडीए कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
वैशाली जिले के हाजीपुर में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के बिदुपुर बाजार स्थित गांधी चौक पर कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं। इस बंद का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा कर रही है।

विरोध प्रदर्शन के कारण दुकानें बंद हैं और यातायात भी प्रभावित हो रहा है। हालाँकि, एंबुलेंस और स्कूल बसों जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जा रहा है, और प्रदर्शनकारियों ने इन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा है। राघोपुर में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता इस बंद में मौजूद हैं। बंद के कारण लोगों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। एनडीए ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें