Bihar : बिहार एम्पोरियम के शुभारंभ से राज्य के शिल्पकारों को नया बाज़ार मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले यात्री जब बिहार की हस्तशिल्प वस्तुओं को देखेंगे और खरीदेंगे, तो इससे हमारी संस्कृति का प्रचार-प्रसार होगा और शिल्पियों की आमदनी भी बढ़ेगी।
राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रस्थान टर्मिनल पर आज “बिहार एम्पोरियम” का शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य बिहार की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का है। इस एम्पोरियम में बिहार के विभिन्न जिलों के शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्कृष्ट हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित और बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को बिहार की समृद्ध पारंपरिक कला एवं संस्कृति से जोड़ना और शिल्पियों को एक सशक्त विपणन मंच उपलब्ध कराना है।
इस मौके पर बिहार सरकार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार एम्पोरियम के शुभारंभ से राज्य के शिल्पकारों को नया बाज़ार मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले यात्री जब बिहार की हस्तशिल्प वस्तुओं को देखेंगे और खरीदेंगे, तो इससे हमारी संस्कृति का प्रचार-प्रसार होगा और शिल्पियों की आमदनी भी बढ़ेगी। यह पहल आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि एम्पोरियम के माध्यम से शिल्पकारों को सीधा लाभ होगा। देशी-विदेशी ग्राहकों तक पहुँच बढ़ने से उत्पादों की माँग एवं उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी, जिससे हजारों कारीगर परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। इस मौके पर बिहार सरकार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने आगे कहा कि बिहार की पारंपरिक शिल्पकलाएँ – जैसे मधुबनी पेंटिंग, सिक्की शिल्प, मंजूषा कला, पत्थर नक्काशी, काष्ठ शिल्प, सिरेमिक शिल्प, टिकुली पेंटिंग आदि – इस मंच के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रदर्शित और प्रोत्साहित की जाएँगी।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: आरके सिंह ने PK के आरोपों पर अपनी ही पार्टी ने नेताओं को घेरा, कहा- मानहानी का केस करें या इस्तीफा दें
इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा उपस्थित रहे। उनके साथ अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, सचिव बी. कार्तिकेय धनजी, एयरपोर्ट निदेशक कृष्ण मोहन नेहरा तथा मीडिया प्रभारी आनन्द सत्संगी सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।