भोजपुर जिले के आरा के संदेश थानाक्षेत्र में रविवार रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। यहां बालू कारोबारी के हत्या के आरोपी श्रीराम राय को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था, जिसे सोमवार सुबह ग्रामीणों ने देखा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बालू कारोबारी की हत्या के आरोपी की हत्या
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान संदेश थानाक्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी श्रीराम राय (26) के रूप में हुई है। श्रीराम बालू घाट पर ट्रक और ट्रैक्टर की लोडिंग का काम करवाता था। पुलिस के अनुसार, मृतक पर चर्चित बालू कारोबारी देवराज राय समेत दो लोगों की हत्या का आरोप था और वह इन मामलों में फरार चल रहा था।
कुछ दिन पहले पुलिस ने उसके घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि श्रीराम के सिर में बेहद करीब से गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात में बालू घाट पर काम करने गया था श्रीराम
श्रीराम राय के पिता बलिराम राय ने बताया कि रविवार की रात खाना खाने के बाद वह तिर्थकॉल गांव स्थित बालू घाट पर काम के लिए गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, जिसमें उसने जल्द लौटने की बात कही थी। लेकिन सुबह तक भी वह नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि सुबह गांव के कुछ लोग बकरी चराने के लिए तिर्थकॉल बगीचे की तरफ गए, जहां झाड़ियों में श्रीराम का खून से लथपथ शव मिला।
परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
श्रीराम के पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का शक जताया है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में एक बुलेट बाइक चोरी की घटना हुई थी। इस चोरी का झूठा आरोप श्रीराम पर लगाया गया था। पिता का कहना है कि इस विवाद को लेकर उनके बेटे की हत्या की गई हो सकती है।
पुलिस हर पहलू से कर रही पड़ताल
घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे आरा सदर के एएसपी परिचय कुमार ने बताया कि हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि मृतक खुद भी दो हत्याओं का आरोपी था और फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि एफएसएल टीम के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया है। लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत, बढ़ाई गई सुरक्षा
इस घटना के बाद से तिर्थकॉल और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी का मामला हो सकता है। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस जल्द ही संदिग्धों से पूछताछ शुरू करेगी।