Patna Accident News: हादसे के बाद कुछ देर के लिए एयरपोर्ट रोड पर यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार को हटवाकर रास्ता खाली कराया और यातायात को सामान्य किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
पटना में रविवार सुबह एयरपोर्ट रोड एक तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार ड्राइवर घायल हो गया। साथ ही कार में सवार दो भाइयों को चोटें आई हैं। इधर, गाड़ी पलटने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। फौरन पटना एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवान पहुंचे और रेस्क्यू कर दोनों भाइयों और ड्राइवर को कार से बाहर निकाला। इसके बाद जवानों कार को सीधा करवाया।
विज्ञापन
वहीं सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल भेजा। कार सवार दोनों भाई ड्राइवर के साथ परिवार के सदस्य को रिसीव करने पटना एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान उसे झपकी आ गई और कार का नियंत्रण बिगड़ गया। तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई और कई बार पलट गई। गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।
ड्राइवर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन यातायात नियमों को लेकर सख्ती नहीं की जाती। पुलिस ने लोगों से सतर्कता बरतने और वाहन चलाते समय सावधानी रखने की अपील की है। वहीं पुलिस का कहना है कि हादसे रोकने के लिए सड़क पर डिवाइडर लगाए गए हैं। चेतावनी के बोर्ड लगा दिए हैं। जांच में पता चला कि ड्राइवर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। वहीं ड्राइवर पिंटू कुमार ने बताया कि आज तक ऐसा कभी नहीं हुआ है। मैं गाड़ी चला रहा था लेकिन अचानक कैसे क्या हो गया? यह मुझे भी समझ नहीं आ रहा है।