शत्रुघ्न प्रसाद की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- फोटो : अमर उजाला
पटना के खाजेकला थाना क्षेत्र स्थित दीवान मोहल्ला रविवार की देर शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए नजदीक से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान दीवान मोहल्ला निवासी शत्रुघ्न प्रसाद (50) के रूप में की गई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी में जुटी हुई है।
घेर कर मारी गालियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक मोहल्ले में किसी निजी काम से निकला था। तभी घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उसे अचानक घेर लिया और उस पर एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं। गोली लगने के बाद वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद हमलावर आसानी से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने आननफानन में उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रक्तस्राव अधिक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलते ही खाजेकला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाना शुरू किया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस परिवार वालों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि किसी ठोस सुराग तक पहुंचा जा सके।
Bihar News: छह लोगों को कुचलते हुए फरार हो गया बेलगाम कार चालक, एक की मौत; लोगों में आक्रोश
पुराने विवाद में हत्या की आशंका
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में पिछले कुछ महीनों से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। आए दिन छिटपुट झगड़े और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने हत्या के पीछे कुछ पुराने विवादों का संदेह व्यक्त किया है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।