बांकीपुर में मंत्री नितिन नवीन के नेतृत्व में एनडीए सम्मेलन।
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी कड़ी आज फिर से एनडीए की ओर से शनिवार को बांकीपुर, लखीसराय, भागलपुर, बड़हरिया, मधुबन, गौराबौराम, अररिया, गोविंदपुर, तेघड़ा, बरुराज और कुढ़नी में संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन किया गया। इसमें लखीसराय में जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल, पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे और पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भागलपुर में कार्यकर्ताओं में जोश भरा और केंद्रीय मंत्री राजभूषण निषाद, मंत्री जनक राम और अनिल शर्मा ने कुढ़नी में कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, मंत्री हरि सहनी बगहा में, मंत्री नित्यानंद राय और सांसद धर्मशीला गुप्ता बरुराज में, राधामोहन सिंह, सुरेंद्र मेहता और मंत्री कृष्णनंदन पासवान मधुबन में, मंत्री मंगल पांडेय और गोपालजी ठाकुर गौराबौराम तथा संजय जायसवाल, मंत्री नीरज बबलू और सांसद रविशंकर प्रसाद बांकीपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लिया। इसी तरह रामकृपाल यादव और देवेश कुमार तेघड़ा में, विवेक ठाकुर और शंभु शरण पटेल गोविंदपुर में, तारकिशोर प्रसाद और विजय खेमका अररिया में, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विनय बिहारी बड़हरिया में तथा राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा और प्रमोद चंद्रवंशी संदेश में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा- बिहार आज तरक्की की ओर बढ़ चला है
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बरुराज में कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि देश और बिहार आज तरक्की की ओर बढ़ चला है। जिस तेजी से बिहार विकास कर रहा है, उससे विपक्ष भी परेशान है। तरह-तरह के झूठ फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस की सरकार ने बिहार को लूटने का काम किया जबकि एनडीए ने विकास कर दिखाया है।