फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: 48 विभागों के कामकाज और परियोजनाओं की निगरानी अब एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा कदम

Tue, 13 Oct 2026 04:35 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संकल्प डैशबोर्ड और समन्वय पोर्टल लॉन्च किया। इससे सभी 48 विभागों के कामकाज, सरकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण परियोजनाओं, केंद्रीय राशि और राष्ट्रीय रैंकिंग की निगरानी होगी। सरकार का लक्ष्य पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

विज्ञापन
मुख्यमंत्री सम्राट चौध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्य सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में ‘संकल्प’ डैशबोर्ड और ‘समन्वय’ पोर्टल का शुभारंभ किया। इनके माध्यम से बिहार के सभी 48 विभागों के प्रमुख कार्यों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव संजय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा और निर्देश पर इनका निर्माण किया गया है।

‘संकल्प’ डैशबोर्ड में छह प्रमुख मॉड्यूल बनाए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री-स्तरीय अनुश्रवण, परियोजना एवं निवेश, विभागीय प्रस्तुतीकरण, निष्पादन एवं रैंकिंग, समन्वय एवं एस्केलेशन तथा क्षेत्र एवं जनसंपर्क शामिल हैं। इसके अलावा 20 से अधिक सब-मॉड्यूल बनाए गए हैं। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं, परियोजनाओं और विभागों के कामकाज से जुड़ी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

डैशबोर्ड के जरिए समीक्षा बैठकों में मुख्यमंत्री की ओर से दिए गए निर्देशों, घोषणाओं, मंत्रिपरिषद के निर्णयों और महत्वपूर्ण पत्रों के आलोक में की गई कार्रवाई की निगरानी की जाएगी। विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तुतिकरण और ब्रीफिंग से जुड़ी जानकारियां भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगी।

विज्ञापन


पढ़ें: पटना में एक बैरिकेड तोड़ आगे बढ़े AISA-RYA के प्रदर्शनकारी; डाकबंगला चौराहे की ओर आवाजाही प्रभावित

केंद्र से मिलने वाली राशि और योजनाओं की होगी निगरानी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘समन्वय’ पोर्टल के माध्यम से बिहार और भारत सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इसके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता और महत्वपूर्ण मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। दिल्ली में तैनात रेजिडेंट कमिश्नर इस कार्य में समन्वय करेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही, केंद्र से मिलने वाली राशि का समय पर सदुपयोग हो सकेगा। राष्ट्रीय रैंकिंग और समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की भी बेहतर निगरानी की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘संकल्प’ डैशबोर्ड के माध्यम से सभी विभागों के महत्वपूर्ण विषयों की एकीकृत, समयबद्ध और परिणामोन्मुख निगरानी होगी। इससे सरकारी कार्यों के निष्पादन में तेजी आएगी और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में मदद मिलेगी।

विज्ञापन


पटना में सीसीटीवी कैमरों की बढ़ेगी संख्या
मुख्यमंत्री ने पंचायती राज विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी एकीकृत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि पटना शहर में फिलहाल 2,500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी भी पोर्टल के माध्यम से एकीकृत रूप से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पटना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। सभी विभागों को अपने कार्य समय पर और बेहतर तरीके से पूरे करने होंगे। सरकार की ओर से तैयार की जाने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘संकल्प’ डैशबोर्ड और ‘समन्वय’ पोर्टल से सरकारी कार्यों में गति आएगी और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा। व्यवस्था में पारदर्शिता और शासन-प्रशासन में सुधार से बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा।

विज्ञापन


कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, समाज कल्याण मंत्री श्वेता गुप्ता और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव संजय कुमार सिंह सहित सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें