पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में फतेहपुर निवासी शैलेन्द्र सिंह उर्फ मास्टर साहेब की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
शैलेन्द्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया। वहीं, फरार हाईवा चालक की तलाश में पुलिस जुट गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।