फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा: 24 नवंबर को पटना में इन रास्तों पर रहेगी नो एंट्री, घर से निकलने से पहले देखें ट्रैफिक प्लान

Mon, 23 Nov 2026 09:11 AM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान की तैयारी कर रहे हैं तो पटना की यह ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर जान लें। 24 नवंबर को कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जेपी सेतु पर भी विशेष प्रतिबंध लागू होगा। प्रशासन ने घाटों के पास पार्किंग से लेकर वैकल्पिक रास्तों तक की पूरी व्यवस्था तय कर दी है।
विज्ञापन
पटना ट्रैफिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पटना में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने इसके लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग घाटों के आसपास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करें।

 

कारगिल चौक से गायघाट तक नहीं चलेंगे वाहन

ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, 24 नवंबर को कारगिल चौक से पूर्वी दिशा में गायघाट तक किसी भी तरह के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी इंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों को पार्किंग की अनुमति दी जाएगी। कारगिल चौक से पश्चिम में शाहपुर घाट तक सभी प्रकार के वाहन चल सकेंगे।

 

घाटों तक जाने के लिए तय किए गए रास्ते

गायघाट की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को पुरानी बाइपास या न्यू बाइपास से सीधे धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिरकोन गोलंबर के रास्ते गायघाट की ओर जाना होगा। वहां निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े करने होंगे। गायघाट पुल के नीचे टेंपो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के आने-जाने पर भी विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। पटना सिटी की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक जा सकेंगे। धनुकी मोड़ और बिरकोन गोलंबर से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

 

इन घाटों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

प्रशासन ने श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। इसमें शाहपुर घाट, पीपापुल घाट, दीघा घाट, राजीव नगर, कुर्जी घाट, पहलवान घाट, बांस घाट, मीनार घाट, गायघाट और पटना सिटी क्षेत्र के घाट शामिल हैं। गांधी मैदान के गेट नंबर 93, 88 और 83 के आसपास भी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। कुर्जी घाट, पहलवान घाट और बांस घाट जाने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित रास्तों से ही प्रवेश करना होगा। पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

 

जेपी सेतु पर भी लागू रहेगा प्रतिबंध

जेपी सेतु पर 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर सुबह 11 बजे तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान सोनपुर और छपरा से पटना की ओर आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। भारी वाहन, बस, ट्रक और जेसीबी समेत अन्य बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहनों को गांधी मैदान के पास नीचे नहीं उतरने दिया जाएगा। ऐसे वाहन सीधे जेपी सेतु के एप्रोच पथ से अशोक राजपथ की ओर जा सकेंगे। सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने वाले लोगों से इस अवधि में महात्मा गांधी सेतु का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

 

बड़े वाहनों की आवाजाही पर भी रोक

पटना में चल रहे निर्माण कार्यों से जुड़े वाहनों का परिचालन 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर सुबह 11 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। मालवाहक बड़े वाहनों के प्रवेश पर भी इसी अवधि में रोक रहेगी।

 

आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। घाटों से निकलने वाले वाहनों को पुलिसकर्मी और मजिस्ट्रेट दिशा-निर्देश देंगे। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे घाटों के आसपास सड़क या रास्ते पर वाहन खड़ा न करें। यातायात संबंधी जानकारी और सहायता के लिए प्रशासन ने जिला नियंत्रण कक्ष, पुलिस नियंत्रण कक्ष और यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी किए हैं। यातायात नियंत्रण कक्ष का नंबर 0612-2219151 और मोबाइल नंबर 9470603615 है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें