सेमिनार में आईएएस अधिकारी होंगे शामिल
- फोटो : Amar Ujala
पटना में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक विशेष अवसर आने वाला है। नेशनल एसोसिएशन ऑफ सिविल सर्वेंट्स (NACS) बिहार-झारखंड की ओर से 7 जून, रविवार को स्थानीय श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में नि:शुल्क मार्गदर्शन सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
सेमिनार में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई सफल अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे और अपनी सफलता की रणनीति छात्रों के साथ साझा करेंगे। इस दौरान ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 प्राप्त करने वाले राघव झुनझुनावाला, AIR 10 उज्ज्वल प्रियांक, AIR 28 प्राची हनी, AIR 48 अनिकेत कुमार और AIR 424 हर्ष वर्धन सहित अन्य सफल अभ्यर्थी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में 2014 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार राय भी शामिल होंगे। वे अभ्यर्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, वैकल्पिक विषय चयन, उत्तर लेखन और इंटरव्यू की रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
ये भी पढ़ें-
सम्राट पर बरसी रोहिणी आचार्या, कहा- सीएम के फैसले से राजनीतिक प्रतिशोध की बू आती है
आयोजकों के अनुसार, यह सेमिनार पूरी तरह नि:शुल्क है। इसमें वे छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं जिन्होंने 12वीं उत्तीर्ण कर ली है या स्नातक कर रहे हैं अथवा पूरा कर चुके हैं और भविष्य में सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं। सेमिनार की खास बात यह होगी कि अभ्यर्थियों को सीधे UPSC टॉपर्स से सवाल पूछने और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों ने पटना और आसपास के जिलों के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।