फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: आज बिहारवासियों को सीएम सम्राट चौधरी ने दिया खास तोहफा, हेली पर्यटन योजना का शुभारंभ

Sat, 18 Jul 2026 06:22 PM IST
आदित्य आनंद न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पर्यटन विभाग की ओर से बताया गया कि यह योजना बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को एक नया और रोमांचक अनुभव भी उपलब्ध कराएगी। आम लोगों में भी सरकार की इस पहल को लेकर काफी उत्साह है।  
विज्ञापन
सीएम सम्राट चौधरी ने हेली पर्यटन का किया शुभारंभ। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में आज से सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज दोपहर तीन बजे स्टेट हैंगर, पटना से 'बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026' के तहत 'पटना जॉय राइड' का शुभारंभ कर दिया। इस योजना के जरिए पर्यटकों और आम नागरिकों को राजधानी पटना का हवाई सफर कराने के साथ शहर का विहंगम दृश्य देखने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर जॉय राइड से सफर करनेवाले पर्यटकों को टिकट प्रदान कर इसकी शुरूआत की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमर्शियल पायलट लाइसेंस प्राप्त चार अभ्यर्थियों- कैप्टन कुमार धैर्य, कैप्टन जीनियस विवेक, कैप्टन कर्ण कुमार भारती एवं कैप्टन सोनल मान सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के युवा, विमानन जैसे अत्याधुनिक एवं संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ें और राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

विज्ञापन


स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के अंतर्गत बिहार में पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक स्थलों को हवाई दृष्टि से देखने का अनूठा अवसर उपलब्ध कराएगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से लोगों को सुरक्षित, रोमांचक और यादगार हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा, जिससे बिहार के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

इन मार्गों पर नियमित हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के पहले चरण में वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), राजगीर (नालंदा) और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को शामिल किया गया है। वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान और राजगीर व कैमूर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक उड़ान में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगी। योजना के तहत पटना-वाल्मीकिनगर-पटना, पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना सेवाएं प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित होंगी। तय समय के अनुसार पर्यटक इन मार्गों पर नियमित हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

हेलीकॉप्टर राइड। - फोटो : अमर उजाला
प्रत्येक शनिवार और रविवार जॉय राइड
राजधानी पटना में हेलीकॉप्टर जॉय राइड की भी शुरुआत हो चुकी है। यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार दोपहर तीन बजे से मिलेगी। प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी, जबकि दो उड़ानों के बीच 30 मिनट का अंतर रहेगा। प्रतिदिन चार राइड संचालित होंगी और हर राइड में पांच यात्रियों को बैठने की सुविधा मिलेगी।

जानिए कहां के लिए कितना देना होगा
  • पटना से वाल्मीकिनगर: 5,000 रुपया प्रति यात्री
  • पटना से कैमूर: 6,000 रुपया प्रति यात्री
  • पटना से राजगीर: 4,000 रुपया प्रति यात्री
  • पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड: 2,100 रुपया प्रति सीट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें