Bihar News: बिहार में धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को 'मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' का शुभारंभ करेंगे। पर्यटन विभाग और सिविल विमानन विभाग की संयुक्त पहल से शुरू होने वाली इस योजना का उद्देश्य पर्यटकों को प्रमुख पर्यटन स्थलों तक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है।
पहले चरण में इन तीन पर्यटन स्थलों को मिली जगह
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के पहले चरण में वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), राजगीर (नालंदा) और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को शामिल किया गया है। वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान और राजगीर व कैमूर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर का संचालन किया जाएगा। प्रत्येक उड़ान में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगी।
हर शनिवार और रविवार मिलेगी हवाई सेवा
योजना के तहत पटना-वाल्मीकिनगर-पटना, पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना सेवाएं प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित होंगी। तय समय के अनुसार पर्यटक इन मार्गों पर नियमित हवाई यात्रा का लाभ उठा सकेंगे।
पटना की स्काईलाइन देखने के लिए होगी हेलीकॉप्टर जॉय राइड
राजधानी पटना में हेलीकॉप्टर जॉय राइड की भी शुरुआत होगी। यह सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। प्रत्येक राइड 10 मिनट की होगी, जबकि दो उड़ानों के बीच 30 मिनट का अंतर रहेगा। प्रतिदिन चार राइड संचालित होंगी और हर राइड में पांच यात्रियों को बैठने की सुविधा मिलेगी।
जानिए कितना होगा किराया
राज्य सरकार ने पर्यटकों के लिए रियायती किराया तय किया है।
पटना-वाल्मीकिनगर: ₹5,000 प्रति यात्री
पटना-कैमूर: ₹6,000 प्रति यात्री
पटना-राजगीर: ₹4,000 प्रति यात्री
पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड: ₹2,100 प्रति सीट
सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
पर्यटन क्षेत्र की कई परियोजनाओं की भी मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री मुजफ्फरपुर की मेसर्स तूफानी एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड को पर्यटन नीति के तहत एम्यूजमेंट पार्क के लिए 1.37 करोड़ रुपये की पहली किस्त का चेक भी सौंपेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री होम स्टे पॉलिसी के तहत वाल्मीकिनगर, बोधगया और बराबर के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान करेंगे।
यह भी पढ़ें:
जनाजे के दौरान मची चीख-पुकार, हाई टेंशन तार की चपेट में आए लोग; आधा दर्जन घायल
बोधगया में बनेगा विश्वस्तरीय ध्यान केंद्र
मुख्यमंत्री गया जिले के बोधगया में 165.44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र का शिलान्यास भी करेंगे। साथ ही 28.50 करोड़ रुपये की लागत वाली कई पर्यटन विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें मनेर शरीफ का थीमैटिक गेट, दीघा घाट का विकास, संडेश्वर नाथ शिव मंदिर, गांधी मैदान पार्क, वैष्णो मंदिर, ब्रह्मेश्वर स्थान, बेलाउर सूर्य मंदिर, देवकुली धाम और नानक साहब लालगंज के विकास कार्य शामिल हैं।
कैसे करेंगे बुकिंग?
बिहार पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर इसकी बुकिंग आमलोग कल से कर सकते हैं। 18 जुलाई से हेली टूरिज्म योजना की औपचारिक रूप से शुरूआत हो जाएगी।