पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के मौदही गांव में गुरुवार को एक किसान की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मौदही गांव के कोमल टोला निवासी 55 वर्षीय गया प्रसाद के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गया प्रसाद खेत में काम करने जा रहे थे, तभी पहले से गिरे हुए 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए। तार की चपेट में आते ही वे बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही बिहटा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बुधवार की रात तेज हवा और बारिश के कारण खेत में बिजली का तार गिर गया था। इस संबंध में रात में ही बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन विभाग की ओर से समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। तार को हटाया नहीं गया और लाइन भी चालू रही, जिससे यह हादसा हुआ।