Bihar Vidhansabha Election: इस बार वैशाली जिले के महुआ विधानसभा सबसे चर्चित सीट बन गई है। यहां से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने नामांकन पर्चा भर दिया है। वह राजद के प्रत्याशी और वर्तमान विधायक मुकेश रोशन को चुनौती देंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अब मुकाबला रोचक होता जा रहा है। वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट पर इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने गुरुवार को इस सीट से नामांकन दाखिल कर दिया। तेज प्रताप अपने समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ महुआ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
विज्ञापन
पहली बार महुआ से ही जीते थे तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने 2015 में पहली बार महुआ से चुनाव लड़कर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में हसनपुर सीट से जीत हासिल की थी और एक बार फिर विधानसभा पहुंचे थे। अब जब लालू प्रसाद ने उन्हें पार्टी और परिवार से निष्कासित कर दिया तो उन्हें अपनी पार्टी बना ली और महुआ से चुनावी मैदान में उतर गए।
राजद ने मुकेश रोशन को दिया है टिकट
इस बार महुआ से ही दोबारा चुनाव मैदान में उतरकर तेज प्रताप अपने पुराने गढ़ को फिर से फतह करने की कोशिश में हैं। हालांकि इस बार उनके सामने राजद के आधिकारिक उम्मीदवार और वर्तमान विधायक मुकेश रोशन के साथ-साथ एनडीए के घटक दल लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी भी मैदान में हैं। ऐसे में मुकाबला दिलचस्प और कड़ा माना जा रहा है। महुआ सीट तेज प्रताप यादव के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि यहीं से उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। 2015 में राजद के टिकट पर चुनाव जीतते समय उन्हें 66 हजार से अधिक वोट मिले थे।