बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में बढ़ गई है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर जमकर हमला किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सचमुच सेक्युलर होते, तो वे एआईएमआईएम के साथ गठबंधन जरूर करते, लेकिन इन नेताओं को 'सेक्युलर वोटरों' से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कांग्रेस और राजद पर व्यंग्य करते हुए कहा कि जब ये महाठगबंधन के लोग हारेंगे तो चिल्लाएंगे- पप्पा-पप्पा मेरा चॉकलेट छिन ले गए, मम्मी-मम्मी मेरा चॉकलेट छिन ले गए।
कांग्रेस ने एआईएमआईएम पर लगाया 'बी-टीम' होने का आरोप
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान के इस बयान पर कांग्रेस नेता और प्रवक्ता अभय दुबे ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम एनडीए की बी-टीम है। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम का एकमात्र मकसद सिर्फ सेक्युलर वोटों को बांटना है, जिसका सीधा फायदा भाजपा को होता है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने कहा कि राजनीतिक दलों पर मुस्लिम नेताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम नेताओं के साथ हर पार्टी ने उपेक्षा बरती है और आज तक किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है।
बीजेपी नेता ने राहुल-तेजस्वी पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी के नेता अजय आलोक ने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब तक इन्होंने विरोधियों का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि न राहुल जननायक हैं और न ही तेजस्वी नायक हैं। अगर ये नायक हैं, तो देश-विरोधियों के नायक हैं।