भोजपुर जिले में विधानसभा चुनाव के तहत सातों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। जिले के 1,287 भवनों में बनाए गए 2,551 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रशासन की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए मॉडल बूथ, पिंक बूथ, सांस्कृतिक और थीम आधारित बूथों की भी व्यवस्था की गई थी, ताकि उन्हें बेहतर मतदान अनुभव मिल सके।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिले भर में पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की व्यापक तैनाती की गई थी। सभी वरीय पदाधिकारी लगातार फील्ड में रहकर मतदान कार्य की निगरानी करते रहे।
जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में भोजपुर जिले में कुल मतदान 51.94% दर्ज किया गया था, जिसमें पुरुषों का मतदान प्रतिशत 53.56% और महिलाओं का 49.82% रहा था।
पढे़ं: मिथिला पहुंचीं प्रियंका, कहा- इस धरती ने देश को दिया सत्याग्रह का मार्ग; क्या-क्या बोलीं?
वहीं, इस बार जिले में मतदान प्रतिशत बढ़कर 58.52% तक पहुंच गया है। खास बात यह रही कि इस बार महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। वर्ष 2025 के इस चुनाव में पुरुषों का मतदान 57.33% जबकि महिलाओं का मतदान 59.88% दर्ज किया गया। कुल मिलाकर, भोजपुर जिले में इस बार का मतदान शांतिपूर्ण, उत्साहपूर्ण और रिकॉर्ड तोड़ रहा, जिसने लोकतंत्र के पर्व को और मजबूत किया।