पटना के मतदाताओं के लिए खुशखबरी है। जिला प्रशासन ने मतदाता के लिए एक स्कीम निकाली है। इसमें बताया गया है कि अगर आप मतदान करने के बाद सात नवंबर तक सिनेमा देखने जाते हैं तो आपको मतदान टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट दीजिएगा। पटना के किसी भी सिनेमा हॉल में जाने पर टिकट की राशि में केवल 50 फीसदी ही लगेगा। पटना जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि सिनेमा घरों के संचालकों (प्रोपराइटर्स या प्रबंधकों) द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि छह नवंबर को मतदान करने वाले सभी मतदाताओं को सिनेमा टिकट में 50 प्रतिशत छूट दी जाएगी। यह छूट छह और सात नवंबर को हरेक सिनेमा हॉल के सभी शो में दिया जाएगा। कोई भी मतदाता छह नवंबर को मतदान कर किसी भी सिनेमा हॉल में अपनी ऊंगली पर लगी स्याही दिखाएंगे तो उन्हें सिनेमा टिकटों पर 50 फीसदी की छूट दी जायेगी। यह स्कीम मतदान एवं उसके ठीक दूसरा दिन यानी छह नवंबर और सात नवंबर को ही लागू रहेगी।
नीतू चंद्र बोलीं- लोगों को जागरूक करना मेरा प्रथम कर्तव्य है
इधर, राजधानी पटना के बी. डी. कॉलेज परिसर में सोमवार को लोकतंत्र का एक जीवंत उत्सव देखने को मिला। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की ओर से आयोजित एसवीईईपी (SVEEP) कार्यक्रम में युवाओं ने मतदाता जागरूकता का जोश और जिम्मेदारी दोनों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत के मार्गदर्शन में हुआ। इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में अभिनेत्री और स्वीप आइकॉन नीतू चंद्रा पहुंचीं, जिन्होंने छात्रों को मतदान के महत्व पर प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार देश का सबसे युवा राज्य है और लोकतंत्र को मजबूत करने की सबसे बड़ी ताकत यहां के युवा हैं। नीतू चंद्रा ने छात्रों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि मैं बिहार की बेटी हूं, इसलिए लोगों को जागरूक करना मेरा प्रथम कर्तव्य है। जब युवा आगे बढ़ते हैं, तो लोकतंत्र और मजबूत होता है।” उन्होंने कहा कि इस बार वे राज्य के विभिन्न कॉलेजों में जाकर युवाओं, खासकर प्रथम बार मतदान करने वालों को मताधिकार के महत्व से परिचित करा रही हैं।