भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बिहार के औरंगाबाद के गोह विधानसभा क्षेत्र के हसपुरा और वैशाली पातेपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महागठबंधन और लालू परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव की पार्टी रंगदारी, जंगलराज और दादागीरी का प्रतीक बन चुकी है। वहीं एनडीए सरकार विकास का प्रतीक है। बिहार चुनाव में इस बार विकास बनाम विनाश की लड़ाई है। जनता को 15 साल का जंगलराज याद है। वह कुछ भी भूली नहीं है।
'लालू राज में लोग दिन में रोड पर चलने से डरते थे'
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने औरंगाबाद के गोह विधानसभा क्षेत्र के हसपुरा के हाई स्कूल बड़ी मैंदान में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी डॉ. रणविजय कुमार के समर्थन में गुरुवार को आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और बिहार की सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में विकास कर रही है। कहा कि विपक्षी महागठबंधन रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी के बल पर सरकार बनाना चाह रही है, जिसे बिहार की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। इस बार बिहार में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। नड्डा ने कहा कि इसी बिहार में लालू राज में लोग दिन में रोड पर चलने से डरते थे, आज रात के 12 बजे भी कोई कहीं भी आ जा सकता है। यह नीतीश कुमार और डबल इंजन वाली केंद्र व राज्य सरकार की देन है।
'एक-एक कार्यकर्त्ता खुद को रणविजय कुमार समझेगा'
वहीं सभा को संबोधित करते हुए बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गोह विधानसभा की सीट यहां के लोगों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है, आपके यहां से डॉ. रणविजय कुमार नहीं सम्राट चौधरी चुनाव लड़ रहा है। इसलिए जनता से निवेदन है आप सभी एक-एक मत देकर व दिलवाकर रणविजय कुमार को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाएं। वही गोह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. रणविजय कुमार ने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिनके दम पर आज भी मेरा अस्तित्व जिंदा है, वह आप हसपुरा और गोह की देवतुल्य जनता की बदौलत है। आप लोगों का प्यार ही हैं, जिससे कि मुझे हमेशा समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है। कहा कि मेरी प्रतिज्ञा है कि जनता के कभी मान सम्मान पर आंच नहीं आने दूंगा। चुनाव जीतने पर हमारा एक-एक कार्यकर्त्ता खुद को रणविजय कुमार समझेगा। कहा कि मैंने हमेशा जाति धर्म से ऊपर उठकर राजनीति की है, उसी का परिणाम है कि मेरी हर जाति धर्म समाज में वोट है।
Bihar Election 2025: तेजस्वी से तेज प्रताप, सम्राट से मैथिली तक...कौन कहां से लड़ रहा चुनाव; देखें पूरी लिस्ट
सभा में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य पूर्ति मंत्री सतीश शर्मा, लोजपा(रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह, गोह विधानसभा के पांचो मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, चंद्रकांत मुन्ना, राजीव विद्यार्थी, उमेश पासवान, राजकुमार चंद्रवंशी, विजय अकेला, राजीव रंजन उर्फ नन्हका बाबू, विनोद कुशवाहा, संजीत शर्मा, बबन सिंह,सुरेंद्र सिंह, संतोष शर्मा, नन्दन यादव, राहुल शर्मा, शैलेश शर्मा सहित सभी घटक दल के जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने भी विचार रखे। कहा कि केंद्र और बिहार सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं में नड्डा को देखने व सुनने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी ने किया, जबकि संचालन पूर्व जिला महामंत्री रविशंकर शर्मा एवं महामंत्री वैभव विकास उर्फ टैगोर ने किया।