एनडीए में सीट बंटवारे पर जीतनराम मांझी असंतुष्ट
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे के बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने असंतोष जाहिर किया है। मांझी ने कहा कि पार्टी को एनडीए की ओर से केवल 6 सीटें मिली हैं, जबकि उनकी अपेक्षा 12 से 13 सीटों की थी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि असंतोष के बावजूद वे एनडीए के साथ चुनावी मैदान में मजबूती से उतरेंगे और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने का पूरा प्रयास करेंगे।
छह सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है हम पार्टी
एनडीए की ओर से सीट बंटवारे के बाद हम पार्टी को छह विधानसभा सीटें दी गई हैं। मांझी ने बताया कि इन छह सीटों में एक औरंगाबाद, एक जमुई और चार गया जिले की सीटें शामिल हैं। पार्टी ने इन सभी सीटों पर प्रत्याशियों को सिंबल सौंप दिया है और उम्मीदवार विभिन्न तिथियों में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नामांकन के दौरान पूरी ताकत के साथ अपने प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहेंगे।
यह भी पढ़ें- Bihar Election 2025 : जीतन राम मांझी NDA के दो प्रत्याशियों के खिलाफ उतारेंगे प्रत्याशी; वजह भी बताई
‘हम असंतुष्ट हैं, लेकिन एनडीए के साथ रहेंगे’
मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी और कार्यकर्ता सीटों की संख्या को लेकर असंतुष्ट हैं, क्योंकि पिछले विधानसभा उपचुनावों और सम्मेलनों में हम पार्टी की सक्रिय भागीदारी रही है। ऐसे में उम्मीद थी कि गठबंधन उन्हें अधिक सम्मानजनक हिस्सेदारी देगा। उन्होंने कहा कि हमारी अपेक्षा थी कि हमें कम से कम 12 से 13 सीटें मिलेंगी, लेकिन केवल 6 मिली हैं। हमारे कार्यकर्ता नाराज हैं, हम भी असंतुष्ट हैं, पर हम सबको समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में भरोसा
मांझी ने यह भी कहा कि असंतोष के बावजूद वे एनडीए के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश और बिहार के विकास के लिए एनडीए ही उपयुक्त गठबंधन है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि मिली हुई छह सीटों पर जीत हासिल करें और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनाएं।
यह भी पढ़ें- Bihar Election 2025: रमा निषाद के कारण कटा कद्दावर भाजपा विधायक का टिकट, राजनीति में पति से भी बड़ा अनुभव