बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान शाहपुर क्षेत्र में एनडीए और महागठबंधन समर्थकों के बीच रविवार को जोरदार मारपीट हो गई। घटना शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के मिश्रौली गांव की बताई जा रही है, जहां महागठबंधन के प्रत्याशी राहुल तिवारी जनसंपर्क अभियान के तहत जाने वाले थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में मौजूद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच लाइट बंद करने को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते-देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों ओर से समर्थक लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झड़प में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पढ़ें: छपरा में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गोलीबारी, दो युवक घायल; एक पीएमसीएच पटना रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एक पक्ष की ओर से बिहिया थाना में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। चुनावी माहौल में इस हिंसक घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और प्रशासन सतर्कता बरतते हुए पूरे मामले की जांच में जुटा है।