बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बक्सर सीट से भाजपा के बागी नेता अमरेन्द्र पांडेय ने रविवार को अपने तेवर नरम कर लिए। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद उन्होंने प्रेस वार्ता में घोषणा की कि अब वे भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्रा के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।
ज्ञात हो कि टिकट वितरण को लेकर नाराज़ चल रहे अमरेन्द्र पांडेय ने पहले भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार आनंद मिश्रा के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उनके इस कदम से बक्सर विधानसभा सीट पर पार्टी में अंतर्कलह की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
पढ़ें: Bihar Election: 'कांग्रेस अब किसी की खाद नहीं बनेगी', सीट बंटवारे को लेकर तेजस्वी यादव पर पप्पू यादव का तंज
हालांकि, प्रेस वार्ता में अमरेन्द्र पांडेय ने कहा कि पार्टी सर्वोपरि है, और भाजपा प्रत्याशी आनंद मिश्रा की जीत ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है और अब वे पूरी ऊर्जा के साथ भाजपा को मजबूत करने में जुटेंगे। इस अवसर पर कई अन्य बागी कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी में वापसी की और भाजपा नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, अमरेन्द्र पांडेय की वापसी से बक्सर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी खेमे में एकजुटता का संदेश गया है, जिससे चुनावी समीकरणों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।