बहुजन समाज पार्टी के चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने आज कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के भगवानपुर हाई स्कूल से राज्य स्तरीय बहुजन हिताय जागरूकता यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नेशनल कोऑर्डिनेटर सह राज्यसभा सांसद रामजी गौतम, केंद्रीय प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार और राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। यात्रा के दौरान नगर पालिका मैदान, भभुआ और डाकबंगला मैदान, मोहनिया में विशाल जनसभाओं का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर आकाश आनंद ने बिहार में बसपा की सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और कांशीराम के मार्गदर्शन में बसपा दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सशक्त आवाज बनकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बहन मायावती जी निरंतर आपके अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ रही हैं। जब हम भीम बोलते हैं, तो दिल से बोलते हैं।
पढ़ें; ऑनलाइन गेम में 2 लाख गंवाने के बाद किडनी बेचने पहुंचा युवक, डॉक्टर और ग्रामीणों ने रोका
आकाश आनंद ने महात्मा ज्योतिबा फुले, शाहूजी महाराज, श्रीनारायण गुरु और बाबा साहेब अंबेडकर जैसे समाज सुधारकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि मायावती जी उनके मार्ग पर चल रही हैं और उनका अधूरा सपना पूरा करने के लिए समर्पित हैं। उन्होंने जातिवादी, साम्प्रदायिक और पूंजीवादी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी नीतियों के कारण दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक अब भी हाशिए पर हैं।
उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए आकाश आनंद ने कहा कि मायावती जी के नेतृत्व में यूपी में चार बार बसपा की सरकार बनी और सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर काम हुआ। उन्होंने बिहार की जनता से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को विजयी बनाएं और ईवीएम पर हाथी के चुनाव चिन्ह के सामने वाला बटन दबाएं। नेशनल कोऑर्डिनेटर सह राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और पलायन की समस्या गंभीर है और बसपा इसे समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाएगी।