मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने कहा कि दोनों चरणों को मिलाकर 66.90 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों चरण मिलकर कटिहार, किशनगंज और पूर्णिया में सबसे अधिक मतदान हुए। यहां का मतदान प्रतिशत 75 प्रतिशत से अधिक रहा।
एडीजी हेड क्वाटर कुंदन कृष्णन ने बताया कि इस चरण में ऐसे बूथों पर भी चुनाव हुए, जहां पिछले दो दशक से चुनाव नहीं हुए थे। जमुई, गया और रोहतास जिले में ऐसे बूथ थे। यह नक्सल प्रभावित थे। लेकिन, यहां पर दो दशक के बाद चुनाव हुआ। कहा जा सकता है कि कट्टरपंथी नक्सलवाद खत्म हो चुका है। नक्सलियों की पत्नी ने भी वोट दिया बूथ पर कहीं भी हिंसक घटना नहीं हुई। पिछले 24 घंटे में 690 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि जितने भी मतदान केंद्र पर ईवीएम पहुंचाए गए, सभी को GPS ट्रैकिंग की गई। सभी बूथों पर बहुत अच्छे से मतदान हुआ है। जहां से जो भी शिकायतें मिली, उसे जल्दी से निपटाया गया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव में 220 से अधिक शिकायतें मिलीं। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद 127 करोड़ रुपये के सामान जब्त किए गए हैं। इस चुनाव 2616 अभ्यर्थी थे। दोनों चरणों में सभी बूथों की लाइव वेबकास्टिंग हुई। भारत में ऐसा पहली बार हुआ है जब 100 प्रतिशत बूथों की लाइव वेबकास्टिंग की गई। नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति पूर्वक मतदान संपन्न हुआ। कहीं से कोई हिंसा की खबर नहीं मिली।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि 68.79 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इसमें दो हजार बूथों का डाटा आना बाकी है। वहीं दोनों चरणों में 66.90 प्रतिशत मतदान हुए हैं। यह पिछले चुनाव से करीब नौ प्रतिशत अधिक हैं।
गया जिले के छकरबंधा थाना क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में भी मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। एक समय यहां नक्सल दस्ते की सक्रियता इतनी थी कि वर्ष 2016 में डुमरी नाला ब्लास्ट में 10 कोबरा जवान शहीद हुए थे। लेकिन अब यह इलाका नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है। इस क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर उल्लेखनीय मतदान हुआ। तारचुआ (79.34%), पिछुलिया (71%), बरहा (78% एवं 75%), जबकि भदवर थाना क्षेत्र के नवीगढ़ बूथ पर 62.62% मतदान दर्ज हुआ।
जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र के चोरमारा गांव में कुल 1011 मतदाता (पुरुष 488, महिला 523) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अनुसूचित जाति/जनजाति बहुल इस गांव में मतदान केन्द्र संख्या 220 पर 41.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कभी नक्सल गतिविधियों का गढ़ रहे इस इलाके में आज शांति और लोकतंत्र की नई कहानी लिखी गई। यह वही क्षेत्र है, जहां वर्ष 2007 में सीपीआई (माओवादी) ने अपनी नौवीं कांग्रेस का आयोजन किया था।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान खत्म हो चुका है। संवेदनशील घोषित किए गए बूथों पर मतदान पांच बजे ही खत्म हो चुका था। छह बजे बाकी बूथों पर मतदान खत्म हो गया। हालांकि, जिन बूथों पर मतदान देरी से शुरू हुई और छह बजे तक मतदाता कतार में खड़े थे, वहां वोटिंग हो रही है। पांच बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे चरण के मतदान ने पहले चरण का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शाम पांच बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 67.14 प्रतिशत वोट पड़े। सबसे अधिक वोटिंग किशनगंज में 76.26 फीसदी हुई। यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
ऐसे बढ़ा ग्राफ
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में शाम 5 बजे तक कुल 67.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 69.02%, पूर्वी चंपारण में 69.31%, शिवहर में 67.31%, सीतामढ़ी में 65.29%, मधुबनी में 61.79%, सुपौल में 70.69%, अररिया में 67.79%, किशनगंज में सर्वाधिक 76.26%, पूर्णिया में 73.79%, कटिहार में 75.23%, भागलपुर में 66.03%, बांका में 68.91%, कैमूर (भभुआ) में 67.22%, रोहतास में 60.69%, अरवल में 63.06%, जहानाबाद में 64.36%, औरंगाबाद में 64.48%, गया में 67.50%, नवादा में सबसे कम 57.11% तथा जमुई में 67.81% मतदान हुआ।
बिहार विधानसभा के दूसरे चरण में वोटिंग जारी है। शाम पांच तक के आंकड़े देखें तो मतदान 67.14 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कई लोग अभी भी कतार में लगे हैं, जो लोग लाइन में लगे हैं, उन्हें मतदान का अधिकार है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 4109 बूथों पर खत्म हो चुका है। इन बूथों पर भी बंपर वोटिंग हुई है। कुछ ही देर में चुनाव आयोग मतदान का आंकड़ा जारी करेगा। आयोग की ओर से कहा गया कि संवेदनशील बूथों पर मतदान की प्रक्रिया खत्म हो गई है। इन सभी जगह शानदार वोटिंग हुई।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में लोकतंत्र का उत्सव बुजुर्ग मतदाताओं के जोश से और भी खास बन गया। सुपौल जिले के छातापुर विधानसभा क्षेत्र के माधोपुर पंचायत के बूथ संख्या 274 पर 111 वर्षीय नशिमा खातुन व्हीलचेयर पर पहुंचकर मतदान किया। वहीं, रोहतास जिले के करगहर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बसुंधरा निवासी 95 वर्षीय राम चेला यादव खाट पर लेटकर वोट डालने पहुंचे। दोनों ने अपने संकल्प और उत्साह से यह संदेश दिया कि उम्र चाहे जितनी भी हो, लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेना हर नागरिक का कर्तव्य है।
कटिहार में मतदान को लेकर मतदाताओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। दोपहर बाद भी मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लोकतंत्र की खूबसूरत तस्वीर पेश कर रही हैं। उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बूथ पर बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए पहुंचे। मतदाताओं ने कहा कि इस बार वे बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की दिशा और दशा सुधरे। वहीं कुछ मतदाताओं ने रोजगार को बड़ा मुद्दा बताया और कहा कि वे ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनना चाहते हैं जो स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध करा सके। शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है।
मोतिहारी के ढाका विधानसभा क्षेत्र में पचपकड़ी थाना क्षेत्र के बूथ संख्या 352 और 356 पर दूसरे के नाम पर वोट डालने पहुंची तीन महिलाओं और तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि महिलाएं बुर्का पहनकर फर्जी मतदान करने आई थीं। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने शक के आधार पर जांच की तो मामला उजागर हुआ। सभी को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। चुनावी माहौल में पुलिस सतर्कता बरत रही है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या फर्जी मतदान की कोशिश को रोका जा सके।
बेतिया के चनपटिया के बूथ संख्या-50 पर मतदान के बाद एक ही परिवार के मतदाताओं ने खुशी से अपनी अंगुलियों पर लगी स्याही दिखाते हुए लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। परिवार के सभी सदस्य उत्साह के साथ मतदान स्थल पर पहुंचे और अपने मताधिकार का उपयोग किया।
दूसरे चरण का मतदान जारी है। दोपहर तीन बजे ही 60 फीसदी से अधिक लोगों ने मतदान के दिया है। अब तक 60.40 फीसदी मतदान हुआ है। पश्चिम चंपारण में 61.99%, पूर्वी चंपारण में 61.92%, शिवहर में 61.85%, सीतामढ़ी में 58.32%, मधुबनी में 55.53%, सुपौल में 62.06%, अररिया में 59.80%, किशनगंज में 66.10%, पूर्णिया में 64.22%, कटिहार में 63.80%, भागलपुर में 58.37%, बांका में 63.03%, कैमूर (भभुआ) में 62.26%, रोहतास में 55.92%, अरवल में 58.26%, जहानाबाद में 58.72%, औरंगाबाद में 60.59%, गया में 62.74%, नवादा में 53.17% तथा जमुई में 63.33% मतदान हुआ है।
रोहतास जिले के नोखा विधानसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नागेंद्र चंद्रवंशी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में जदयू प्रत्याशी नागेंद्र चंद्रवंशी अपने वाहन पर जनता दल यूनाइटेड का झंडा लगाकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में खुलेआम एक बूथ से दूसरे बूथ का चक्कर लगाते दिखाई दे रहे हैं। दावा है कि वायरल वीडियो नोखा विधानसभा क्षेत्र से 11 नवंबर दिन मंगलवार का है और तस्वीर में वाहन संख्या बीआर 24 पीए 4901 पर जदयू का झंडा साफ तौर से देखा जा सकता है। लोगों कहना है कि जदयू प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। निर्वाचन आयोग इस मामले पर संज्ञान लें।
भवन निर्माण मंत्री एवं जदयू प्रत्याशी जयंत राज कुशवाहा ने मंगलवार को अमरपुर विधानसभा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ मतदान किया। वे पत्नी शिल्पा सुरभि, माता और बच्चों संग पैतृक गांव स्थित मतदान केंद्र पहुंचे और शांतिपूर्ण माहौल में वोट डाला। मतदान के बाद जयंत राज ने कहा कि हर मतदाता का कर्तव्य है लोकतंत्र को मजबूत करना। उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की और कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी अपनी सहभागिता निभाएं। जयंत राज ने भरोसा जताया कि एनडीए के पक्ष में भारी मतदान हो रहा है और वे भारी बहुमत से विजयी होंगे।
कोसी क्षेत्र में सुपौल जिले के निर्मली विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए लोग नाव पर ओवरलोड होकर पहुंच रहे हैं। इस क्षेत्र में बारिश और बाढ़ के कारण अन्य परिवहन विकल्पों की कमी है, जिससे निवासियों को वोट डालने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। तस्वीरों में लोग एक साथ नाव पर बैठकर अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाते नजर आ रहे हैं, जो चुनावी प्रक्रिया के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान के बीच रोझईं गांव के ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की मांग को लेकर वोट का बहिष्कार किया है। बच्चे भी गांव में नारे लगाते हुए बहिष्कार में शामिल हैं। प्रशासन की टीम ग्रामीणों को मनाने में जुटी है, लेकिन दोपहर दो बजे तक किसी ने वोट नहीं डाला। पिछले चुनाव में भी इसी मुद्दे पर बहिष्कार हुआ था, जब प्रशासन के आश्वासन पर मतदान हुआ था, लेकिन विद्यालय का निर्माण अब तक नहीं हुआ। ग्रामीण इस बार अपने फैसले पर अडिग हैं और पहले की तरह आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं।
दूसरे चरण में बंपर वोटिंग जारी है। दोपहर एक बजे तक 47.62 फीसदी मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 48.91%, पूर्वी चंपारण में 48.01%, शिवहर में 48.23%, सीतामढ़ी में 45.28%, मधुबनी में 43.39%, सुपौल में 48.22%, अररिया में 46.87%, किशनगंज में सबसे अधिक 51.86%, पूर्णिया में 49.63%, कटिहार में 48.50%, भागलपुर में 45.09%, बांका में 50.07%, कैमूर (भभुआ) में 49.89%, रोहतास में 45.19%, अरवल में 47.11%, जहानाबाद में 46.07%, औरंगाबाद में 49.45%, गया में 50.95%, नवादा में 43.45%, तथा जमुई में 50.91% मतदान दर्ज किया गया है।
रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र से वोट बहिष्कार की खबर सामने आई है। शिवसागर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 204 पर सुबह से एक भी मतदाता ने वोट नहीं दिया है और सभी ग्रामीण लगातार अपने फैसले पर अडिग हैं। मामला मध्य विद्यालय कोनकी स्थित बूथ संख्या 204 की बताई जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोनकी गांव में पंचायत सरकार भवन बनने वाला था, लेकिन बाद में भवन को दूसरे गांव में बना दिया गया। जिससे ग्रामीण काफी नाराज हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पंचायत सरकार भवन निर्माण को लेकर अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में हम लोगों का प्रशासन से भरोसा टूट गया है।
लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में कसबा विधानसभा क्षेत्र की झुन्नी इस्तम्बरार पंचायत के वार्ड सं०-7, सिमोदी रहिका टोल में एक ऐतिहासिक बहिष्कार देखने को मिला है। गांव के एक हजार से अधिक मतदाताओं ने सामूहिक रूप से रोड नहीं तो वोट नहीं का नारा बुलंद करते हुए मतदान प्रक्रिया से दूर रहने का फैसला किया है। ग्रामीणों का यह कठोर कदम आज़ादी के सात दशकों बाद भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहने की पीड़ा को दर्शाता है।
जहानाबाद के घोसी विधानसभा के हरदासपुर गांव के बूथ संख्या 220 के बाहर राजनीतिक दलों दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वोट डालने को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत हुई थीं। हालांकि, फौरन पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। फिलहाल हालात नियंत्रण में है। पुलिस टीम लगातार कैंप कर रही है।
गया टाउन के निवर्तमान विधायक सह सहकारिता मंत्री भाजपा के प्रत्याशी हैं। पिछले आठ बार से चुनाव जीतते आ रहे है। नौवीं बार चुनावी मैदान में है। मंगलवार की सुबह 11 बजे साइकिल से चलकर मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया है। उन्होंने सभी लोगों से मतदान में भाग लेने की अपील की।
पूर्णिया में फैशन डिजाइनर और मोटिवेशनल स्पीकर नीतीश चंद्रा ने अपनी मां मंजू सिंह के साथ मतदान किया। वोट देने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेहतर बिहार के लिए वोट किया है। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यदि आपने अभी तक मतदान नहीं किया है, तो तुरंत मतदान केंद्र पहुंचकर वोट दें। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए हर मत अमूल्य है।
बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग हो रही है। सुबह 11 बजे तक 31.38 प्रतिशत हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 32.39%, पूर्वी चंपारण में 31.16%, शिवहर में 31.58%, सीतामढ़ी में 29.81%, मधुबनी में 28.66%, सुपौल में 31.69%, अररिया में 31.88%, किशनगंज में 34.79%, पूर्णिया में 32.94%, कटिहार में 30.83%, भागलपुर में 29.08%, बांका में 32.91%, कैमूर (भभुआ) में 31.98%, रोहतास में 29.80%, अरवल में 31.87%, जहानाबाद में 30.36%, औरंगाबाद में 32.88%, गया में 34.07%, नवादा में 29.02% और जमुई में 33.69% मतदान दर्ज किया गया है।
भागलपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी और वर्तमान विधायक अजीत शर्मा ने पत्नी विभा शर्मा और पुत्र वैभव शर्मा के साथ कृषि भवन मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि हर मतदाता का कर्तव्य है कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने भागलपुरवासियों से भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। वहीं, मतदान के दौरान उनके पुत्र वैभव शर्मा ने मुस्कुराते हुए इशारों में अपनी पसंद जाहिर की, जिससे मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों के बीच उत्सुकता और मुस्कान दोनों देखने को मिलीं।
बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में नवादा जिले के वारिसलीगंज क्षेत्र में मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हुई। नवादा एसपी अभिनव धिमन ने बताया कि घटना मतदान केंद्र से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर हुई और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। उन्होंने सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त होने की अफवाहों को निराधार बताया, कहा कि वह निजी वाहन था। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसकी सत्यता पीटीआई स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।
लोकतंत्र की असली ताकत और जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए गया जिले के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कुरी सराय गांव में स्थित मध्य विद्यालय कुरी सराय बूथ पर एक महिला मतदाता ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बताया गया कि बेलागंज विधानसभा क्षेत्र के कुरी सराय गांव के रहने वाले सुनील मांझी की 25 वर्षीय पत्नी सोनी कुमारी बीती रात ही बेलागंज के सरकारी अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन लोकतांत्रिक अधिकार निभाने के जज़्बे के साथ वह सुबह एंबुलेंस से अपने नवजात शिशु को लेकर मतदान केंद्र पहुंची और मतदान किया।
Bihar Election: दूसरे चरण में दिग्गजों की साख दांव पर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में आज 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के 122 और महागठबंधन के 126 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के इस चुनाव में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, मंत्री विजेंद्र यादव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, रालोसोपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान और भाकपा माले के विधायक दल के नेता महबूब आलम जैसे दिग्गज शामिल हैं।
लोकतंत्र के महापर्व में कटिहार के आम और खास मतदाता बढ़ चर कर मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। मतदाताओं में काफी उत्साह है। इसी बीच कटिहार उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिरसा अनुसूचित जाति मतदान केंद्र में पहुंचकर पूर्व राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम और उनकी धर्मपत्नी ने मतदान किया, मतदान के बाद उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर किसी की भागीदारी बेहद महत्पूर्ण है। इसलिए सभी को मतदान जरूर करना चाहिए।
औरंगाबाद विधानसभा के तेंदुआ गांव के बूथ संख्या 54 पर वोटरों ने वोट बहिष्कार कर दिया है और वोट नहीं डाल रहे हैं। लोगों ने बताया कि चार महीने पहले ही जिले के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दिया गया था लेकिन अभी तक कोई करवाई नहीं किया गया। इसलिए इस बूथ पर 353 वोट है जिसका विरोध करते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय से सुबह नौ बजे तक मतदान प्रतिशत जारी हो चुका है। कुल 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन आयोग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 15.04%, पूर्वी चंपारण में 14.11%, शिवहर में 13.94%, सीतामढ़ी में 13.49%, मधुबनी में 13.25%, सुपौल में 14.85%, अररिया में 15.34%, किशनगंज में 15.81%, पूर्णिया में 15.54%, कटिहार में 13.77%, भागलपुर में 13.43%, बांका में 15.14%, कैमूर (भभुआ) में 15.08%, रोहतास में 14.16%, अरवल में 14.95%, जहानाबाद में 13.81%, औरंगाबाद में 15.43%, गया में 15.97%, नवादा में 13.46% तथा जमुई में 15.77% मतदान हुआ है।
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मतदान करने के बाद यह आरोप लगाया कि पूर्णिया के कई बूथों पर गड़बड़ी हो रही है। वोट चोरी के लिए EVM में गड़बड़ी हो रहीं है। यह गलत है।
बांका में मतदान जारी है। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। लगभग 15 लाख मतदाता आज अपने मतों का प्रयोग करेंगे।
पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने अपनी पत्नी रेणु हुसैन के साथ सुपौल जिला मुख्यालय स्थित बूथ संख्या 190 पर मतदान किया। शाहनवाज के साथ शादी के बाद रेणु हुसैन ने पहली बार बिहार में मतदान किया। पूर्व मंत्री ने आम लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग विकास का साथ देंगे। जंगलराज नहीं आने देंगे।
मधुबनी में कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में वोटिंग सुबह सात बजे से जारी है। वोटिंग के लिए मधुबनी, हरलाखी, बेनीपट्टी, बिस्फी, खजौली, राजनगर, बाबूबरही, लौकहा, फुलपरास एवं झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र में 3882 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां 31 लाख 23 हजार 747 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हर बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन है। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि हर बूथ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
सीतामढ़ी के बूथ संख्या 168, 169, 293, 233, किशनगंज के बूथ संख्या 325, 326, पूर्णिया के बूथ संख्या 89, अरवल के बूथ संख्या 306, मोतिहारी के बूथ संख्या 246, 340, 110, 111, 109 पर EVM खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी हुई। अब इन बूथों पर मतदान शुरू हो चुका है।
सुपौल जिला मुख्यालय स्थित वार्ड 21 प्राथमिक विद्यालय कोसी कॉलोनी में डीएम सावन कुमार ने मतदान किया। उन्होंने कहा कि सुपौल वासियों से अपील है कि वह बढ़ चढ़कर मतदान के इन महापर्व में भाग लें। किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। जिले में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग चल रही है।
सुपौल शहर के वार्ड 19 बूथ संख्या 187 पर 20 मिनट की देरी से मतदान शुरू हुआ। मॉक पोल और सीलिंग में देरी की वजह से अतिरिक्त समय लगेगा। पूर्णिया के भट्ठा बाजार इलाके में मध्य विद्यालय के बूथ संख्या 89 भी मतदान देर से शुरू हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत पूर्णिया जिले की कुल सात विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिले के 2553 मतदान केंद्रों पर कुल 20 लाख 93 हजार 212 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। आज 69 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद बिहार पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। जहां चुनाव में हैं, वहां विशेष सावधानी बरती जा रही है। बिहार डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां पहले चरण से भी ज़्यादा कड़ी हैं। जिन ज़िलों में मतदान होगा, उनमें से कुछ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हैं, जैसे भारत-नेपाल सीमा से लगे सात ज़िले। अंतरराज्यीय सीमा से लगे ज़िलों में भी चुनाव हो रहे हैं। इन राज्यों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और इन राज्यों के डीजीपी से बातचीत भी हो चुकी है। डीजीपी ने कहा कि आम लोगों से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, कुछ भी संदिग्ध गतिविधि महसूस होने पर पुलिस को फौरन जानकारी दें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, दायित्व भी है। आज बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। सभी मतदाताओं से आग्रह है कि अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।
दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके लिए 45339 मतदान केंद्र बनाएं गए हैं। इनमें से 4109 बूथों को संवेदनशील बनाया गया है। इसमें 4003 अतिसंविदनशील बूथ घोषित हैं। यहां पर चार बजे तक मतदान होगा। कटोरिया, बेलहर, चैनपुर, चेनारी, गोह, नवीनगर, कुटुंबा, औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज, बाराचट्टी के (36 बूथ), बोधगया (200 बूथ), रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा, जमुई, झाझा, चकाई विधानसभा में बनाए गए बूथों पर शाम चार बजे मतदान होगा। वहीं बोधगया में 106 बूथों पर शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इन बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात रहने का निर्देश दिया गया है।
6 नवंबर को बिहार विधानसभा की 121 सीटों पर मतदान पूरा हो चुका है। अब दूसरे और अंतिम चरण में बिहार के 20 जिलों की शेष 122 सीटों पर सुबह 7:00 से मतदान शुरू हो रहा है। सभी बूथों पर सोमवार दोपहर बाद ही कड़ी सुरक्षा के बीच इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन समेत तमाम चुनावी संसाधन पहुंचा दिए गए। सुबह 5:00 से 6:00 के बीच राजनीतिक दलों के एजेंट के सामने मॉक पोल की प्रक्रिया होगी। सुबह 7:00 से मतदान शुरू हो जाएगा।