बिहार में दवाओं की अवैध बिक्री और संदिग्ध दवाओं के कारोबार पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार (19 नवंबर) को राज्य के 18 जिलों में दवा दुकानों पर एक साथ छापेमारी और जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 34 स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 17 से अधिक जगहों पर अनियमितताएं सामने आई हैं। एक बिना लाइसेंस संचालित दवा दुकान में दवाओं को सील किया गया है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
विभाग की इस कार्रवाई में दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, संदिग्ध दवाओं की बिक्री और जरूरी रजिस्टर का संधारण नहीं किए जाने जैसे मामले सामने आए हैं। पटना के जीएम रोड स्थित तीन दवा प्रतिष्ठानों में भी विशेष जांच की गई, जहां कई दवाओं की प्रामाणिकता पर सवाल उठे हैं।
18 जिलों में 34 जगहों पर छापेमारी
औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह अभियान पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया।
प्रारंभिक जांच में 17 से अधिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। वहीं, बिना लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाओं को सील कर दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दवा कारोबार से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पटना के जीएम रोड पर तीन दवा दुकानों की जांच
पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर नामक दवा प्रतिष्ठानों में विशेष जांच की गई। इस दौरान तीनों दुकानों में अलग-अलग तरह की अनियमितताएं और संदिग्ध दवाएं सामने आईं।
सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए
सागर मेडिको में जांच के दौरान संदेह के आधार पर चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। विभाग को आशंका है कि इन दवाओं में एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण हो सकता है। नमूनों की जांच कर इसकी पुष्टि की जाएगी।
मुरली फार्मा में खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड नहीं मिले
मुरली फार्मा में जांच के दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड के रखरखाव में कई अनियमितताएं मिलीं। प्रतिष्ठान की ओर से टीबी यानी क्षय रोग के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स (NRx) श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
इसके अलावा दो अन्य दवाओं की खरीद से जुड़े दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। जांच के दौरान शेड्यूल एच-1 (Schedule H1) का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं मिला। दवाओं की बिक्री से संबंधित अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
इसी दुकान में एजिथ्राल-500 (Azithral 500) नाम की एक संदिग्ध दवा भी मिली, जिस पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। विभाग ने इस दवा की एक स्ट्रिप निर्माता कंपनी को भेजकर उसकी प्रामाणिकता की जांच कराने के लिए ली है। कंपनी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पॉपुलर में मिलीं पांच संदिग्ध दवाएं
जीएम रोड स्थित पॉपुलर दवा प्रतिष्ठान में भी पांच दवाओं की प्रामाणिकता पर संदेह जताया गया है। इन दवाओं को संबंधित निर्माता कंपनियों के पास सत्यापन के लिए भेजा गया है। शुरुआती स्तर पर कंपनी ने इन दवाओं को अपना उत्पाद मानने पर संदेह जताया है। दवाओं की तस्वीरों के मिलान में भी अंतर पाया गया है। विस्तृत जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
भोजपुर और सारण में भी मिलीं संदिग्ध दवाएं
भोजपुर जिले के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में जांच के दौरान नारकोटिक श्रेणी की औषधि मिली है। विभाग इस मामले में आवश्यक जांच कर रहा है।
वहीं, सारण जिले के छपरा में एक दवा दुकान पर ऐसी दवाएं मिली हैं, जिनकी निर्माण अनुमति, औषधीय संरचना और लेबलिंग को लेकर संदेह है। इन दवाओं के संबंध में संबंधित निर्माता कंपनी से पत्राचार कर जरूरी दस्तावेज और तथ्यों का सत्यापन कराया जाएगा।
आगे भी जारी रहेगा छापेमारी अभियान
औषधि नियंत्रण विभाग ने सभी सहायक औषधि नियंत्रकों और औषधि निरीक्षकों को दवाओं के अवैध निर्माण, बिक्री और सरकारी दवाओं के दुरुपयोग से जुड़े मामलों की लगातार जांच करने का निर्देश दिया है।
विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी राज्य के अलग-अलग इलाकों में विशेष छापेमारी और औचक निरीक्षण जारी रहेगा। सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री, बिना लाइसेंस दवा कारोबार, बिना अनुमति दवाओं के निर्माण और खरीद-बिक्री के अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।