नालंदा में गुरुवार को नगरनौसा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के पास स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में बदमाशों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। तीन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने संचालक को बंधक बनाकर 2 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में बाइक से आए तीन बदमाशों में से दो मास्क पहने हुए अंदर घुसे, जबकि तीसरा बाहर बाइक पर इंतजार करता रहा। अंदर घुसे बदमाशों ने हथियार दिखाकर सीएसपी संचालक संदीप पटेल को कब्जे में ले लिया और दराज में रखे कैश को समेट लिया। भागने से पहले अपराधियों ने शटर बाहर से बंद कर दिया और आराम से बाइक पर सवार होकर रामघाट की ओर निकल गए। घटना का पता तब चला जब शटर खोले जाने पर संचालक ने शोर मचाया। उस समय तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।