राजधानी पटना एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी। इस बार मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के अलीमजान नगर मोहल्ले का है, जहां एक इंटरमीडिएट के छात्र को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घायल छात्र की पहचान 19 वर्षीय मोहम्मद रेहान के रूप में हुई है, जो अलीमजान नगर के नया टोला का निवासी है। गोलीबारी की यह घटना रविवार देर शाम उस वक्त हुई जब रेहान घर के पास ही मौजूद था। अपराधी उसे गोली मारकर मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में रेहान एम्स में भर्ती
घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जब गोली चलने की आवाज सुनी, तो बाहर निकलने पर उन्होंने रेहान को खून से लथपथ पाया। पहले उसे स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए उसे एम्स पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, रेहान को पेट और सीने के निचले हिस्से में गोली लगी है और उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: ‘बिहार के हर अपराध की कड़ी महागठबंधन और तेजस्वी यादव से जुड़ी है’, मंत्री जनक राम बड़ा आरोप
पुलिस ने परिवार से की पूछताछ, मामला बना रहस्यपूर्ण
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम मौके पर पहुंचे और परिजनों से विस्तृत पूछताछ की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि शुरू में परिजन स्पष्ट नहीं कर पा रहे थे कि गोली कैसे और कहां लगी। पहले तो कुछ लोगों को यह बताया गया कि रेहान को पेट में दर्द है, लेकिन जब एम्स में डॉक्टरों ने जांच की, तब गोली लगने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने जब घटनास्थल की पहचान के लिए रेहान की मां से जानकारी ली, तो उन्होंने बताया कि घटना घर से लगभग 20 मीटर की दूरी पर हुई। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो न वहां खून के निशान मिले और न ही कोई अन्य सबूत कि वहां गोली चली हो। इससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
किसी ने नहीं सुनी गोली चलने की आवाज
पूरे मोहल्ले में इस घटना को लेकर भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने गोली चलने की कोई स्पष्ट आवाज नहीं सुनी। हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना है कि रेहान को जानबूझकर निशाना बनाकर गोली मारी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया जारी
फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। रेहान के पास से आधार कार्ड और इंटरमीडिएट स्कूल का प्रमाणपत्र बरामद हुआ है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह फुलवारी शरीफ हाई स्कूल का छात्र था।
यह भी पढ़ें- Bihar: बंदूक के बल अगवा किया, हाथ-पैर में जंजीर और आंख-मुंह पर बांधी पट्टी; रेल पटरी पर मौत के मुंह से बचा BSP जवान
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि यह मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, चाहे वह जानलेवा हमला हो, आत्म-गोली चलने की आशंका हो या किसी आपसी विवाद की परिणति।
पुलिस का कहना है कि जब तक घायल छात्र रेहान होश में नहीं आता और बयान देने की स्थिति में नहीं होता, तब तक इस मामले की वास्तविकता सामने आना मुश्किल है। पुलिस को उसकी ओर से दर्ज बयान की प्रतीक्षा है, जो इस पूरी गुत्थी को सुलझा सकता है।