गंगा नदी से सटे पटना और बेगूसराय जिला सीमा के दियारा इलाके में गुरुवार को एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई तेघड़ा थाना क्षेत्र और मोकामा–बाढ़ थाना क्षेत्रों के संयुक्त दियारा इलाके में चल रही थी। इसी दौरान बरहपुर गांव का कुख्यात अपराधी नीरज कुमार पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है और फिलहाल उसका इलाज जारी है।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नीरज अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी में दियारा में छिपा है। इसी आधार पर पुलिस टीम इलाके में पहुंची। पुलिस के पहुँचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में नीरज घायल हो गया। घायल होने के बाद भी वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन एसटीएफ ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। मौके पर मौजूद तेघड़ा थाना पुलिस की बैकअप टीम ने उसके तीन साथियों को भी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।
पढ़ें: आरा रेलवे स्टेशन पर महिला की ट्रेन से कटकर मौत, दो दिन पहले पति ने की थी आत्महत्या
छापेमारी के दौरान दो रायफल, एक कट्टा, एक पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस और सात खोखे बरामद किए गए। घायल नीरज को अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पूछताछ में नीरज ने स्वीकार किया कि उसे लगा था कि पुलिस कार्रवाई में वह मारा जा सकता है, इसलिए उसने भागने की कोशिश की।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी मनीष के नेतृत्व में बेगूसराय पुलिस और एसटीएफ की अतिरिक्त टीमें भी दियारा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। गंगा नदी के उस पार मोकामा और बाढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस भी अलर्ट पर है। दियारा में नेटवर्क की समस्या के कारण पुलिस अधिकारियों के बीच संपर्क में दिक्कतें आ रही हैं, इसके बावजूद सर्च अभियान जारी है।