Bihar: फतुहा एसडीपीओ अवधेश प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश दो की संख्या में थे, जिन्होंने बाजार में पहुंचकर 4-5 राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम लगातार छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटना जिले के फतुहा नगर क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात बदमाशों ने बीच बाजार में कई राउंड हवाई फायरिंग कर दी। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग बाजार में मौजूद थे और गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु घाट की ओर जा रहे थे। अचानक हुई फायरिंग से श्रद्धालुओं और आम लोगों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार से पांच बदमाश फतुहा बाजार स्थित केनरा बैंक के पास पहुंचे और पिस्तौल निकालकर हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसके बाद सभी बदमाश फोरलेन की ओर भाग निकले। घटना से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फतुहा एसडीपीओ अवधेश प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदमाश दो की संख्या में थे, जिन्होंने बाजार में पहुंचकर 4-5 राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम लगातार छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।