बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर से मिली हार के बाद आज भाजपा दफ्तर में समीक्षा बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली। इसमें सीएम सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक शामिल हुए।।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार के बाद बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई यह बैठक करीब एक घंटा 20 मिनट तक चली। उपचुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री पहली बार प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां हार के कारणों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पटना के सभी भाजपा विधायकों के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। चुनावी प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए नेताओं से फीडबैक लिया गया और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
विज्ञापन
हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया गया
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, बैठक में बांकीपुर उपचुनाव में मिली हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। संगठन की कमजोरियों, चुनावी प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर सामने आए मुद्दों पर मंथन के साथ-साथ आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर भी रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाने तथा भविष्य की चुनावी चुनौतियों से निपटने के लिए कई सुझावों पर भी चर्चा हुई। भाजपा नेतृत्व अब उपचुनाव के अनुभवों के आधार पर आगे की चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी में जुट गया है।